28 Sep 2026
आइची-नागोया, 28 सितंबर (एजेंसी)। भारतीय एथलीट विथ्या रामराज ने एशियन खेल-2026 में महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीतने के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया। विथ्या ने फाइनल में 54.75 सेकंड का समय निकालकर यह उपलब्धि हासिल की।
विथ्या ने अपना ही साझा राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया। इससे पहले 55.42 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड विथ्या रामराज और महान धाविका पीटी उषा के नाम संयुक्त रूप से था। विथ्या ने 2023 हांगझोऊ एशियन खेल में इस समय की बराबरी की थी। अब नागोया में 54.75 सेकंड का समय निकालकर उन्होंने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
विथ्या ने प्रतियोगिता के हीट चरण में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 55.73 सेकंड के सीजन के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ फाइनल में जगह बनाई थी।
फाइनल में संयुक्त अरब अमीरात की मरियम करीम ने 54.31 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कजाकिस्तान की एडेलिना ज़ेम्स 54.58 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। भारत की अनु राघवन 55.88 सेकंड के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
विथ्या का एशियन खेल में यह लगातार दूसरा पदक है। उन्होंने 2023 हांगझोऊ एशियन खेल में भी 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता था। इससे पहले वह 2022 एशियन खेल की मिश्रित 4×400 मीटर रिले टीम में रजत पदक जीत चुकी हैं। 2025 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया था।
तमिलनाडु के कोयंबटूर की रहने वाली विथ्या 400 मीटर बाधा दौड़ के साथ 4×400 मीटर रिले में भी भारत का प्रतिनिधित्व करती हैं। वह पेरिस 2024 ओलंपिक में भारत की 4×400 मीटर रिले टीम का भी हिस्सा रही थीं।
विथ्या दिसंबर 2023 से टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के तहत सहायता प्राप्त एथलीट हैं। एशियन खेल की तैयारी के लिए उन्हें राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में प्रशिक्षण और विभिन्न उपकरणों की खरीद के लिए टॉप्स के तहत वित्तीय सहायता मिली है। एशियन खेल चक्र के दौरान उन्हें टॉप्स के तहत 7,08,430 रुपये और वार्षिक प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता कैलेंडर के तहत 6,93,812 रुपये की वित्तीय सहायता मिली है।