26 Sep 2026
बाराबंकी, 26 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाएं लोगों के लिए आफत बन गई हैं। इस बीच यहां अलग-अलग स्थानों पर दीवार और पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसों के बाद प्रशासन और पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कच्ची दीवार गिरने से महिला की मौत
रामनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शुक्रवार रात बारिश के दौरान कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे की चपेट में आने से सुनीता देवी (३८) पत्नी संदीप यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सुनीता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उनके तीन बच्चे रवि (17), आकाश (13) और प्रियंका (9) हैं। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बारिश में गिरा बाइक पर पेड़, दूध कारोबारी की मौत
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में छेदा बाजार निवासी संजय वर्मा (४५) दूध का कारोबार करते थे। शनिवार को वह दूध बेचने के लिए बाइक से क्षेत्र में निकले थे। काम निपटाने के बाद जब वह बाइक से घर लौट रहे थे तभी छेदा पारा संपर्क मार्ग पर झबरापुर गांव के पास सड़क किनारे लगा एक पेड़ अचानक उनकी बाइक पर आ गिरा। पेड़ की चपेट में आने से दूध कारोबारी संजय उसके नीचे दब गए। हादसा देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम को मौके पर गई हैं। टीम ने हादसे के कारणों और नुकसान से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
बारिश से बढ़ा हादसों का खतरा
लगातार बारिश के कारण जिले में कच्चे मकानों, जर्जर दीवारों और पेड़ों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को बारिश और तेज हवा के दौरान सावधानी बरतने तथा जर्जर भवनों और पेड़ों के आसपास न जाने की सलाह दी जा रही है।