29 Sep 2026
नंदीग्राम, 29 सितंबर (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में उपचुनाव से पहले एक बार फिर राजनीतिक तनाव सामने आया है। दाउदपुर इलाके में सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) उम्मीदवार शांतिगोपाल गिरि के साथ मारपीट का आरोप भाजपा नेता अब्बास बेग पर लगा है। वहीं, अब्बास बेग ने देर शाम शांतिगोपाल गिरि और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए नंदीग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार शाम नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के वाम उम्मीदवार शांतिगोपाल गिरि दाउदपुर के मुस्लिम बहुल इलाके में प्रचार करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान भाजपा नेता अब्बास बेग ने उन्हें रोककर मारपीट की। शांतिगोपाल गिरि का आरोप है कि उन्हें सड़क पर गिराकर पीटा गया, जिससे उनके पैर में चोट लगी और उनके कपड़े भी फट गए। घटना के बाद उन्होंने नंदीग्राम थाने में अब्बास बेग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, अब्बास बेग ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि शांतिगोपाल गिरि मुस्लिम इलाके में जाकर धर्म के नाम पर स्थानीय लोगों को गुमराह कर रहे थे। इसका विरोध करने पर सीपीआई उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने उन पर बांस से हमला किया। अब्बास के अनुसार, मारपीट में उनके सिर पर चोट लगी और स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के बाद शांतिगोपाल गिरि ने पार्टी कार्यालय में भाजपा पर प्रचार में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपने बूथ में प्रचार करने जाने को लेकर सवाल उठाते हुए उनके साथ मारपीट की गई। दूसरी ओर अब्बास बेग ने शांतिगोपाल गिरि पर मतदाताओं को भ्रमित करने का आरोप लगाया और कहा कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
नंदीग्राम में छह अक्टूबर को उपचुनाव होना है। इससे पहले कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी और कांग्रेस के प्रचार अभियान पर हमले के आरोप सामने आ चुके हैं। अब सीपीआई उम्मीदवार के साथ मारपीट के आरोप ने क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।