24 Nov 2026
नई दिल्ली, 24 नवंबर इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नेपाल में मंगलवार सुबह आए 5.3 तीव्रता के भूकंप से भारत के बिहार और पश्चिम बंगाल समेत पड़ोसी देशों के कई इलाकों में धरती कांप उठी। भूकंप के झटके भारत के अलावा चीन, भूटान और बांग्लादेश में भी महसूस किए गए। सुबह-सुबह आए झटकों से कई इलाकों में दहशत फैल गई और लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।
भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, भूकंप मंगलवार सुबह 7 बजकर 2 मिनट 47 सेकंड पर आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र नेपाल में 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे बताई गई है।
बिहार और बंगाल में भी महसूस हुए झटके
भूकंप का असर बिहार के कई इलाकों में देखने को मिला। पश्चिम बंगाल के उत्तर बंगाल क्षेत्र में भी लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार सहित कई इलाकों में झटके महसूस किए जाने की खबर है। कुछ स्थानों पर लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी भूकंप का असर महसूस किया गया। असम के कार्बी आंगलोंग जिले में मंगलवार तड़के 3 बजकर 39 मिनट पर 2.5 तीव्रता का एक अलग भूकंप भी दर्ज किया गया था।
फिलहाल नुकसान की सूचना नहीं
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, नेपाल में आए भूकंप से भारत सहित प्रभावित देशों में अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
भूकंप की सूचना यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप केंद्र (EMSC), भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र और अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भी दर्ज की है।
उल्लेखनीय है कि नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र की रिपोर्ट में तीव्रता 5.6 बताई गई है, जबकि भारत के एनसीएस और अमेरिकी एजेंसी के आंकड़ों में 5.3 दर्ज है।