29 Sep 2026
मॉस्को, 29 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। रूस का परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम रणनीतिक बमवर्षक Tu-95 मंगलवार को देश के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था और एक निर्जन इलाके में गिरा। हादसे में छह क्रू सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है।
रूसी अधिकारियों के अनुसार विमान में दुर्घटना के समय कोई हथियार या गोला-बारूद नहीं था। हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए रूसी एयरोस्पेस फोर्सेज की एक जांच टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। शुरुआती रिपोर्टों में दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। कुछ रूसी मीडिया रिपोर्टों में इंजन या ईंधन संबंधी समस्या की संभावना जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Tu-95 रूस के प्रमुख रणनीतिक बमवर्षक विमानों में शामिल है। इसके आधुनिक संस्करण Tu-95MS/MSM लंबी दूरी की क्रूज मिसाइलें ले जाने में सक्षम हैं और इन्हें परमाणु क्षमता वाले हथियारों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
हादसा उक्राइंका एयरबेस के आसपास के क्षेत्र में हुआ बताया गया है। अमूर क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार विमान आबादी वाले इलाके से दूर गिरा। दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जांच जारी है।