इंद्रप्रस्थ न्यूज – ताज़ा हिंदी खबरें | राष्ट्रीय, राज्य, खेल, बिज़नेस ब्रेकिंग न्यूज़
ब्रेकिंग न्यूज
ताजा खबरें ड्रैगन का ‘दूसरा मोर्चा’ भारत, पाकिस्तान के सहारे दो मोर्चों की चुनौती, निर्भरता को हथियार बना रहा चीन मणिपुर जहरीली शराब त्रासदी: मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हुई, 600 से अधिक बीमार; राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना शोकसभा में अचानक भड़की आग, 21 लोग झुलसे: गैस रिसाव के बाद चूल्हा जलाते ही सिलेंडर ने पकड़ी आग पोटाश बम से जंगली सुअरों का अवैध शिकार, दो गिरफ्तार खूंटी में दो बाइकों की भिड़ंत में चार युवकों की मौत, एक गंभीर कूच बिहार ट्रॉफी के लिए यश व्यास और कृष्णा यादव का चयन हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में हारे लक्ष्य सेन, 13 मैचों की जीत का सिलसिला टूटा महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: चीन-मलेशिया का मुकाबला 2-2 से ड्रॉ इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम घोषित पोलैंड के हवाई क्षेत्र के उल्लंघन पर नाटो सतर्क, मार्क रूटे ने दिया सुरक्षा का आश्वासन पासपोर्ट धोखाधड़ी मामले में सुशील अंसल की पुनरीक्षण याचिका खारिज नीट पेपर लीक मामले में 14 आरोपितों पर आरोप तय, 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई अन्य राज्यों में पंजीकृत नर्सेज भी राजस्थान में नियुक्ति की हकदार: हाईकोर्ट विमान के केबिन में \'इरुमुडी केट्टू\' ले जाने की अनुमति लगातार तीसरे वर्ष भी रहेगा जारी: नायडू जीएसटी नेटवर्क ने ई-वे बिल प्रणाली में मेट्रो रेल को परिवहन के पांचवें माध्यम के रूप में जोड़ा अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं की बहुआयामी भूमिकाः जीतनराम मांझी गोवा फिल्म फेस्टिवल आईएफएफआई -2026: दूसरे दिन वेव्स फिल्म बाजार में आकर्षण का केंद्र बना बिहार पवेलियन पूछताछ, साजिश और रहस्यों का खेल दिखाएगी \'प्यादे\', 11 दिसंबर को होगी रिलीज गोंडा पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बोले- भगवान चाहेंगे तो गोपाल कृष्ण धाम मथुरा भी जगमगाएगा दिल्ली के रघुबीर नगर में घर में आग लगने से महिला की मौत, बहू गंभीर; मां को बचाने के लिए तोड़ी कमरे की दीवार छत्तीसगढ़ में स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त 1.50 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, बिचौलिया भी पकड़ाया छत्तीसगढ़ में दवा कारोबारी से 15 करोड़ की रंगदारी की मांग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी ब्रिक्स किसी देश के लिए चुनौती नहीं, साझा समृद्धि का मंच है: ओम बिरला 2037 तक समृद्ध बिहार की कल्पना को जमीन पर उतारना लक्ष्य : सम्राट चौधरी अकवान तूफान के असर से रांची में 14 उड़ानें रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी
इस्लाम और मध्य-पूर्व या पश्चिमी फैंटेसी सिनेमा की किसी अजनबी दुनिया का नैरेटिव स्थापित करती 'रामायण: पार्ट 1'

इस्लाम और मध्य-पूर्व या पश्चिमी फैंटेसी सिनेमा की किसी अजनबी दुनिया का नैरेटिव स्थापित करती 'रामायण: पार्ट 1'

18 Nov 2026

डॉ. मयंक चतुर्वेदी


नितेश तिवारी निर्देशित और नमित मल्होत्रा निर्मित 'रामायण: पार्ट 1' कई हजार करोड़ रुपये के बजट, आधुनिक तकनीक और भव्य दृश्य प्रभावों के कारण भारतीय सिनेमा की बड़ी वैश्विक प्रस्तुति के रूप में प्रचारित हुई। नवंबर 2026 में प्रदर्शित इस फिल्म ने अपने कथानक, पात्र-चित्रण, संगीत और वैचारिक दृष्टिकोण को लेकर गंभीर विमर्श खड़ा किया है। मूल प्रश्न यह है कि क्या तकनीकी भव्यता के बीच भारतीय ज्ञान परंपरा, सनातन जीवन-दर्शन और महर्षि वाल्मीकि के रामायण आख्यान की आत्मा सुरक्षित रह सकी है?


रामायण भारतीय समाज के लिए महज राजपरिवार का संघर्ष अथवा दो राजाओं के बीच युद्ध की कथा नहीं है। यह धर्म, मर्यादा, त्याग और आदर्श जीवन-मूल्यों का महाकाव्य है। वैश्विक दर्शकों के लिए इसका रूपांतरण करते समय रचनात्मक स्वतंत्रता स्वाभाविक है, पर मूल कथा की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान बनाए रखना भी आवश्यक है। फिल्म में पश्चिमी फैंटेसी और एक्शन सिनेमा के प्रभाव वाले प्रयोग कई बार दर्शकों को भारतीय आध्यात्मिक परिवेश के बजाय मध्य-पूर्वी और पश्चिमी कल्पनालोक में ले जाते हैं।


शास्त्र बनाम पटकथा: कथानक के मूल स्वरूप से विचलन


फिल्म की शुरुआत वाल्मीकि रामायण के बालकांड और श्रीराम के अवतरण के उद्देश्य के बजाय लंका तथा रावण के उदय से होती है। इससे कथा का नैतिक केंद्र बदल जाता है। महर्षि वाल्मीकि ने नारद से आदर्श पुरुष के गुणों के विषय में प्रश्न करके रामकथा का आरंभ किया था। इसके विपरीत फिल्म रावण को शोषित असुर समुदाय के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले विद्रोही के रूप में प्रस्तुत करती है। इससे धर्म की स्थापना के लिए श्रीराम के अवतरण का मूल उद्देश्य अपेक्षित प्रभाव खोता दिखाई देता है।


अयोध्या के राजपरिवार का भावनात्मक पक्ष भी सीमित है। दशरथ और राम के संबंधों के मुकाबले कौशल्या, सुमित्रा, भरत, लक्ष्मण और उर्मिला के त्याग तथा पारिवारिक संबंधों को पर्याप्त स्थान नहीं मिला। वनवास के प्रसंग में यही भावनात्मक गहराई रामायण की विशिष्ट पहचान है।


रावण का महिमामंडन और पाश्चात्य एंटी-हीरो दृष्टिकोण


यश द्वारा निभाए गए रावण का चरित्र-चित्रण फिल्म का सबसे विवादास्पद पक्ष है। आधुनिक हॉलीवुड फिल्मों में खलनायक को उसकी पीड़ा और सामाजिक संघर्ष से जोड़कर एंटी-हीरो बनाने की प्रवृत्ति है। फिल्म में रावण को भी असुरों के अधिकारों के लिए लड़ने वाला प्रगतिशील और उदार शासक दिखाया गया है।वाल्मीकि रामायण में रावण की विद्वत्ता और शिवभक्ति के साथ उसका अहंकार, कामवासना और अधर्म भी स्पष्ट हैं। सबसे बड़ा बदलाव सीता हरण में दिखाई देता है।


मूल आख्यान में अकंपन की सलाह और शूर्पणखा द्वारा सीता के सौंदर्य का वर्णन रावण के अपहरण की पृष्ठभूमि बनते हैं। वह छलपूर्वक सीता का हरण करता है। फिल्म इस घटना को बहन शूर्पणखा के अपमान का बदला लेने से जोड़ती है। इससे रावण के अपराध का नैतिक संदर्भ बदल जाता है। अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने भी इस चित्रण पर आपत्ति जताते हुए सवाल उठाया है कि यदि रावण को ही उदार और न्यायप्रिय नेता बना दिया जाए तो श्रीराम के अवतार और रावण वध का नैतिक औचित्य कैसे स्थापित होगा? उसके दस सिरों को पौराणिक प्रतीक के बजाय मानसिक द्वंद्व बताना भी भारतीय प्रतीकवाद का सरलीकरण है।


मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और माता सीता के स्वरूप का अवमूल्यन


रणबीर कपूर के श्रीराम में अपेक्षित आध्यात्मिक तेज और क्षत्रिय ओज सीमित दिखाई देता है, इतना सीमित की वे शौर्य और पराक्रम से दूर एक चाकलेटी हीरो नजर आ रहे हैं। श्रीराम राजसिंहासन मिलने पर अहंकार और वनवास मिलने पर विषाद से प्रभावित हुए बिना धर्म के लिए राजपाट त्याग देते हैं। फिल्म में सौम्यता दिखाने के प्रयास में उनकी संवाद अदायगी कई स्थानों पर धीमी और भावहीन प्रतीत होती है। रावण के प्रभावशाली चित्रण के सामने मुख्य नायक का व्यक्तित्व भी कमजोर पड़ता है। भारतीय नाट्य परंपरा यही कहती है कि आप खलनायक, बदमाश या दुर्जन (विलेन) को कितना भी चमत्कारपूर्ण दिखाएं, किंतु नायक से वह कभी श्रेष्ठ नहीं हो सकता है, फिर यह तो भगवान श्रीराम का चरित्र है।


माता सीता (साई पल्लवी) को तलवार चलाने वाली आधुनिक योद्धा राजकुमारी के रूप में प्रस्तुत किया गया है। निर्देशक ने इसके समर्थन में अद्भुत रामायण और ओड़िया बिलांका रामायण का संदर्भ दिया है, किंतु फिल्म को वाल्मीकि रामायण पर आधारित बताकर अलग-अलग परंपराओं के प्रसंगों को मिलाना शास्त्रीय संदर्भों को कमजोर करता है। अद्भुत रामायण में सहस्रमुखी रावण के साथ सीता का युद्ध विशिष्ट शाक्त परंपरा से जुड़ा है। मूल रामकथा में सीता का चरित्र धैर्य, त्याग, करुणा और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। विवाह से पूर्व आधुनिक प्रेम कहानी जैसी मुलाकात और पारंपरिक संबोधनों के स्थान पर सीधे नाम लेकर पुकारने जैसे प्रयोग भी सांस्कृतिक मर्यादा पर सवाल उठाते हैं।


संगीत, ध्वनि और सौंदर्यशास्त्र में इस्लामिक-सूफी प्रभाव


भारतीय दर्शन में नाद ब्रह्म की अवधारणा ध्वनि को आध्यात्मिक अनुभूति का माध्यम मानती है। रामायण जैसे महाकाव्य में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, वीणा, मृदंग और भारतीय शास्त्रीय रागों की स्वाभाविक उपस्थिति अपेक्षित है। ए.आर. रहमान और हंस जिमर की भागीदारी के बावजूद फिल्म का संगीत सांस्कृतिक असंगति को लेकर चर्चा में है।


विशेष रूप से विवाह गीत 'मंगल रंग' में सूफी और कव्वाली शैली के प्रभाव पर आपत्ति हुई है। इसकी धुन की तुलना रणबीर कपूर की फिल्म 'रॉकस्टार' के गीत 'कुन फाया कुन' से भी की गई है। प्रश्न किसी संगीत शैली के विरोध का नहीं, उसके सांस्कृतिक औचित्य का है। त्रेतायुग की अयोध्या और जनकपुरी के विवाह उत्सवों में मध्यकालीन सूफी संगीत की ध्वनि-संरचना का प्रयोग कालदोष पैदा करता है। वैदिक मंगलाचरण और अवधी-मिथिला लोकधुनों के स्थान पर सूफी संगीत तथा पश्चिमी सिंफनी का प्रभाव कथा के सांस्कृतिक परिवेश को बदल देता है। हल्दी की रस्म में राम और सीता को आमने-सामने दिखाना भी पारंपरिक विवाह संस्कारों की मर्यादा से मेल नहीं खाता।


एकेश्वरवादी बनाम सनातन कथा-दृष्टि: नैरेटिव का वैचारिक संक्रमण


फिल्म में कुबेर और देवताओं को शोषक सत्ता तथा रावण को असुरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला विद्रोही दिखाया गया है। जबकि वाल्मीकि रामायण में कुबेर धर्मपाल और धनाध्यक्ष हैं तथा रावण ने उनसे अधर्मपूर्वक लंका और पुष्पक विमान छीना था। इस प्रसंग को अधिकारों की पुनर्प्राप्ति का रूप देने से मूल कथा का नैतिक अर्थ बदलता है।


श्रीराम के परब्रह्म अवतार और उनकी लीलाओं के आध्यात्मिक पक्ष की जगह मानवीय संघर्ष को अधिक महत्व मिलता है। लंका की वास्तुकला भी दिव्य स्वर्णनगरी के बजाय अंधकारमय गोथिक और मध्य-पूर्वी किले जैसी दिखाई देती है। राक्षसों की आकृतियों में पश्चिमी फैंटेसी फिल्मों की छाया है। राजकुमारों और ऋषियों की वेशभूषा में भी पारंपरिक तिलक, यज्ञोपवीत और पीतांबर का अपेक्षित प्रभाव सीमित है। अंग्रेजी संस्करण में भरत मिलाप जैसे भावप्रधान प्रसंगों को हटाए जाने की चर्चा वैश्विक बाजार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करती है।


रामानंद सागर की रामायण और नितेश तिवारी की रामायण


1987 में रामानंद सागर की रामायण के पास आधुनिक तकनीक और हजारों करोड़ का बजट नहीं था, फिर भी उसने जनमानस में स्थायी स्थान बनाया। वाल्मीकि रामायण और रामचरितमानस के प्रति श्रद्धा, पात्रों की भावनात्मक गहराई और रवींद्र जैन का संगीत इसकी पहचान बने। उसमें श्रीराम का त्याग, रावण का अहंकार, माताओं का वात्सल्य और भरत-उर्मिला का समर्पण कथा के केंद्र में रहे। नई फिल्म में तकनीकी भव्यता के बावजूद पारिवारिक भावनाओं और शास्त्रीय प्रसंगों को सीमित स्थान मिला है। यह अंतर बताता है कि महाकाव्य की सफलता का आधार तकनीक से अधिक सांस्कृतिक प्रामाणिकता और भाव-पक्ष है।


भारतीय ज्ञान परंपरा पर पड़ने वाले दूरगामी प्रभाव


आज भारतीय ज्ञान परंपरा (आईकेएस) को शिक्षा और संस्कृति में पुनर्स्थापित करने के प्रयास हो रहे हैं। ऐसे समय में रामायण जैसी कथा का फिल्मांकन सांस्कृतिक उत्तरदायित्व भी है। सिनेमा जनमानस की स्मृति गढ़ता है। नई पीढ़ी मूल ग्रंथों के बजाय पर्दे पर दिखाई गई कथा से रामायण को समझ सकती है। ऐसे में रावण को न्यायप्रिय नेता और सीता हरण को प्रतिशोध के रूप में दिखाने वाले प्रयोग मूल आख्यान की समझ को प्रभावित कर सकते हैं।


भारतीय नाट्यशास्त्र में भक्ति, करुण और वीर रस की विशेष महत्ता है। जब इनकी जगह दृश्य चमत्कार को प्राथमिकता मिलती है, तब कलाकृति आंखों को आकर्षित करती है, हृदय को स्पर्श करने में पीछे रह जाती है। अंततः 'रामायण: पार्ट 1' आधुनिक तकनीक और वीएफएक्स का उदाहरण हो सकती है, किंतु इसके सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पक्ष पर उठे प्रश्न गंभीर हैं। रावण का महिमामंडन, श्रीराम के तेज का सीमित चित्रण, माता सीता के स्वरूप में प्रयोग और संगीत की सांस्कृतिक असंगति विचारणीय हैं।


वस्तुत: यह सभी को ध्यान रखना चाहिए कि रामायण भारतीय परंपरा में 'सत्यं शिवं सुंदरम्' की साधना है। इसकी विजय नैतिक श्रेष्ठता, त्याग और मर्यादा में निहित है। फिल्मकारों को समझना होगा कि तकनीक अभिव्यक्ति का साधन है, महाकाव्य की चेतना का विकल्प नहीं। वैश्विक प्रस्तुति की वास्तविक सफलता तभी है, जब उसकी भव्यता के साथ उसकी अंतरात्मा भी भारतीय बनी रहे, जिसका कि फिलहाल इस फिल्म में पूर्णतया अभाव है। यह इस्लाम और मध्य-पूर्व या पश्चिमी फैंटेसी सिनेमा की किसी अजनबी दुनिया का नैरेटिव स्थापित करती नजर आ रही है।


(लेखक, राष्ट्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड एडवाइजरी कमेटी के पूर्व सदस्य एवं पत्रकार हैं)

Latest News