21 Nov 2026
खूंटी , 21 नवंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। रनिया थाना क्षेत्र के बिश्रामपुर और तुरीगड़ा गांव के बीच शनिवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान उड़ीकेल गांव निवासी प्रेमांशु कोंगाड़ी व जीदन कोंगाड़ी और बनाबीरा नवाटोली निवासी हेमंत बहादुर और विश्वा सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को लोहागड़ा बाजार में डायर जतरा का आयोजन था, जिसमें काफी भीड़ जुटी थी। इसी बीच शाम करीब छह से सवा छह बजे के आसपास बिश्रामपुर और तुरीगड़ा के मध्य दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक बाइक पर तीन और दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक प्रतिनिधि सुरेश कोंगाड़ी ने तुरंत रनिया पुलिस को सूचित किया और अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सड़क पर पड़े घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजवाया। दोनों घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तोरपा रेफरल अस्पताल भेजा गया, जहां एक युवक की मौत हो गई।
एक साथ चार युवकों की असमय मौत से उड़ीकेल, बनाबीरा नवाटोली सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार ने चार मौत की पुष्टि की है।