21 Nov 2026
इंफाल/नई दिल्ली (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। पिछले 24 घंटों में 5 और लोगों की मौत के साथ इस त्रासदी में जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 16 हो गई है। वहीं, 600 से अधिक लोग अभी भी इंफाल के विभिन्न अस्पतालों में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। इस बीच, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
विपक्ष का हमला: 'हादसा नहीं, सरकार की लापरवाही'
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया। उन्होंने कहा, "मणिपुर में ज़हरीली शराब से कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुखद है। यह हादसा नहीं, भाजपा सरकार की लापरवाही का नतीजा है। पहले हिंसा ने सैकड़ों घर उजाड़े, अब जहरीली शराब उजाड़ रही है - सरकार अब भी सो रही है।" राहुल गांधी ने दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को बिना देरी उचित मुआवजा देने की मांग की है।
अस्पतालों में 600 से ज्यादा मरीज, 12 की हालत नाजुक
17 नवंबर को चंदेल जिले के चकपिकारोंग उपमंडल स्थित नुंगपन गांव में एक समारोह के दौरान जहरीली शराब पीने के बाद लोगों के बीमार पड़ने का सिलसिला शुरू हुआ था। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, करीब 600 लोगों का इंफाल के RIMS, JNIMS, शीजा (Shija) और बबीना (Babina) अस्पतालों में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, इनमें से 12 मरीजों की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें आईसीयू (ICU) में रखा गया है।
पुलिस की कार्रवाई: 6 गिरफ्तार, 2,400 लीटर से ज्यादा अवैध शराब जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए मणिपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। पुलिस ने पड़ोसी काकचिंग (Kakching) जिले के सुगनू इलाके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर जहरीली शराब बनाने और बेचने का संदेह है। राज्य भर में हुई छापेमारी के दौरान अब तक 2,419 लीटर अवैध देसी शराब जब्त कर नष्ट की गई है।
सरकार ने बनाई उच्च-स्तरीय जांच समिति
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने अस्पतालों का दौरा कर मरीजों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने पूरे मामले की तह तक जाने और दोषियों की जवाबदेही तय करने के लिए एक उच्च-स्तरीय जांच समिति का गठन भी किया है।