30 Sep 2026
कौशांबी, 30 सितंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में मंझनपुर तहसील के चक अहमदीपुर गांव के तीन मासूम बच्चों ने वीडियो तैयार कर डीएम से बिजली के खंभों में लाइट की मांग की। बच्चों ने कहा कि शाम होते ही गांव की गलियों में अंधेरा छा जाता है। आसपास खेत होने के कारण अंधेरे में जंगली जानवरों का भी डर बना रहता है। जरूरी काम से बाहर निकलने में भी उन्हें परेशानी होती है।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला जिला प्रशासन के जरिए डीएम अमित पाल शर्मा तक पहुंचा। बच्चों की अपील पर जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद बिजली विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात चक अहमदीपुर पहुंचकर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया। बताया गया कि वीडियो सामने आने के करीब 10 घंटे के भीतर ही गांव में लाइट लगाने की कार्रवाई शुरू हो गई। रात में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लगा दी गईं।
स्ट्रीट लाइट लगने के बाद गांव की गलियां रोशन हो गईं। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बच्चों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर खुशी जताते हुए जिलाधिकारी को धन्यवाद दिया। उनका कहना था कि उन्होंने अपनी परेशानी बताई थी और प्रशासन ने उनकी बात सुनकर तुरंत समाधान करा दिया।
सूचना अधिकारी रवि जायसवाल के मुताबिक, बच्चों की अपील का वीडियो संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही टीम को गांव भेजकर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कराया गया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सोशल मीडिया पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने बच्चों की छोटी-सी मांग पर तत्काल सुनवाई किए जाने की सराहना की।