02 Oct 2026
फगवाड़ा, 02 अक्टूबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में 27 और 28 सितंबर को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान आगजनी, तोड़फोड़, लूट और नेशनल हाईवे जाम करने के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में सात यूनिवर्सिटी के छात्र हैं, जबकि दो आरोपित यूनिवर्सिटी से बाहर के हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में फगवाड़ा के गगनदीप और जसप्रीत कुमार के अलावा सोनीपत के जेम्स दहिया, हमीरपुर निवासी आशुतोष, जम्मू के अंतरिक्ष दत्ता और साहिल सिंह तथा महाराष्ट्र के कृष्णा कुमार और भविष्य करण हैं। एक नाबालिग छात्र को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक नाबालिग छात्र प्रदर्शन के दौरान परिसर में रखे मिग-23 विमान पर चढ़ा दिखाई दिया था। घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।
जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सतनामपुरा थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 163 में 20 लोगों को नामजद किया गया है। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने सोशल मीडिया, न्यूज चैनलों, यूनिवर्सिटी परिसर के सीसीटीवी कैमरों और अन्य डिजिटल स्रोतों से मिले वीडियो और तस्वीरों की जांच की। पुलिस का दावा है कि जांच में कुछ लोगों की आगजनी, तोड़फोड़, कथित लूट, पुलिस पर हमले, नेशनल हाईवे ब्लॉक करने और यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में भूमिका सामने आई है। डीआईजी ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एलपीयू के पूर्व छात्र फरहत देव को भी चिन्हित किया है। उसकी गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। अब तक घटनाओं से जुड़े करीब 40 लोगों की पहचान की जा चुकी है। फगवाड़ा सदर थाने में भी आगजनी, पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने और हमले से जुड़े आरोपों में अलग एफआईआर दर्ज की गई है।
यूनिवर्सिटी में कथित यौन उत्पीड़न से संबंधित मूल एफआईआर की जांच भी जारी है। पुलिस के मुताबिक अभी तक कथित पीड़िता की पहचान नहीं हो पाई है और छात्रों तथा कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।