03 Nov 2026
औरैया, 03 नवम्बर (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर निवासी 22 वर्षीय युवक गजेंद्र सिंह पुत्र शिवप्रसाद सिंह ने सोमवार देर शाम शेखूपुर हार में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि आत्महत्या से पहले गजेंद्र ने अपने बड़े भाई दीपेंद्र और छोटे भाई अनुज को घटनास्थल की लोकेशन भेजी थी। लोकेशन मिलते ही परिजन कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक को बचाने की कोशिश करते हुए शव को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सुसाइड नोट में 9 करोड़ के लेनदेन का जिक्र
मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में करीब नौ करोड़ रुपये के लेनदेन और दो करोड़ रुपये के टैक्स का उल्लेख किया गया है। नोट के मुताबिक, अलीगढ़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी फर्म का पंजीकरण कराया था। इस फर्म के माध्यम से करीब नौ करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया, जिस पर लगभग दो करोड़ रुपये का टैक्स बनता था। गजेंद्र ने लिखा कि उसे इस फर्म और उससे हुए लेनदेन की कोई जानकारी नहीं थी।
अलीगढ़ पुलिस पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप
सुसाइड नोट के अनुसार, 22 अक्टूबर को अलीगढ़ पुलिस ने इस मामले में उससे संपर्क किया था। युवक का आरोप है कि उसने पुलिस को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए थे, इसके बावजूद उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। इसी से आहत होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
हल्का इंचार्ज रंजन यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जानी है।