01 Oct 2026
मुंबई, 1 अक्टूबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर बीच पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में पुणे के आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। सभी छात्र 16 वर्ष के थे और पुणे जिले के आलंदी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान विनर्स एकेडमी से जुड़े थे। हादसे के बाद चलाए गए बचाव अभियान में सभी आठों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इस घटना से आलंदी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार, कोचिंग संस्थान के विद्यार्थियों और शिक्षकों का 48 सदस्यीय दल पिकनिक मनाने दिवेआगर पहुंचा था। इनमें 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी शामिल थे। समुद्र तट पर घूमने के दौरान आठ विद्यार्थी नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान वे समुद्र की तेज लहरों और बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में चले गए। समुद्र की गहराई और पानी के बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों और वाटर स्पोर्ट्स संचालकों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन किसी भी छात्र को बचाया नहीं जा सका।
मृतकों की पहचान तन्मय दत्तात्रय वहीले, सुमित भरत अहिरे, प्रणव रामदास बनसोडे, कैवल्य सतीश वासनकर, राजवीर युवराज वहीले, यश किरण वानखेड़े, सोहम तुकाराम भांडवलकर और कौस्तुभ संदीप दौंड के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने रायगढ़ के जिलाधिकारी से फोन पर बात कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और प्रशासन को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन शवों को उनके गृह नगर आलंदी पहुंचाने की व्यवस्था में जुटा है।