01 Oct 2026
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने गुरुवार को अपने क्षेत्र में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान का आयोजन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्रियों, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने विभिन्न स्थानों पर श्रमदान कर स्वच्छ एवं हरित नई दिल्ली का संकल्प लिया।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पेशवा रोड स्थित नवयुग स्कूल में एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी के साथ श्रमदान किया। इस दौरान पौधरोपण भी किया गया। रिजिजू ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। वहीं, केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने चाणक्यपुरी स्थित यशवंत सिंह प्लेस में आयोजित अभियान में हिस्सा लिया और सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पंडारा रोड स्थित जोधपुर मेस में एनडीएमसी की सबसे बड़ी सामुदायिक शौचालय सुविधा का उद्घाटन किया। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से एनबीसीसी के सीएसआर सहयोग से विकसित इस सुविधा में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था तथा सीसीटीवी सहित सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने इसे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इससे पहले उन्होंने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भी श्रमदान किया।
अभियान के तहत राष्ट्रीय पुलिस स्मारक और आसपास के क्षेत्रों में एनडीएमसी, दिल्ली पुलिस तथा सीआरपीएफ ने संयुक्त स्वच्छता अभियान चलाया। इसमें करीब 120 लोगों ने भाग लिया और लगभग 300 किलोग्राम कचरा एवं गाद हटाई गई।
इसके अलावा बाजारों, आवासीय क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों सहित एनडीएमसी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। परिषद ने इस पहल के माध्यम से स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान न मानकर नागरिकों की दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया।