01 Oct 2026
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की पटियाला हाउस ने पंजाब के नांगल में विश्व हिंदू परिषद नेता विकास प्रभाकर की हत्या के आरोपित हरविंदर कुमार उर्फ सोनू को दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की चंडीगढ़ यूनिट को सौंपने का आदेश दिया है।
एनआईए कोर्ट के स्पेशल जज प्रशांत शर्मा ने ट्रांजिट रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। एनआईए ने आज ही हरविंदर को एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। हरविंदर संयुक्त अरब अमीरात में रहता था और उस पर कथित तौर पर हत्या के आरोपितों को मदद करने और धन उपलब्ध कराने का आरोप है।
एनआईए के मुताबिक हरविंदर को संयुक्त अऱब अमीरात से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। हरविंदर पर पंजाब के रूप नगर में अप्रैल 2024 में हुए विकास प्रभाकर की हत्या का आरोप है। आरोप है कि इस हत्या की साजिश प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने रची थी। हरविंदर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। शुरुआत में इस मामले की जांच अमृतसर पुलिस कर रही थी जिसे बाद में केंद्र सरकार ने एनआईए को सौंपा था।
एनआईए ने 9 मई, 2024 को यह मामला नए सिरे से दर्ज किया था। एनआईए के मुताबिक हरविंदर ने हत्या करने वालों के लिए हथियार और उनकी डिलीवरी का इंतजाम किया और जर्मनी में मौजूद बब्बर खालसा इंटरनेशनल ऑपरेटिव हरजीत सिंह और कुलबीर सिंह के कहने पर फंड ट्रांसफर किया। इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात में ही रहने वाले एक और आरोपी मनवीर राम को 13 अगस्त, 2026 को गिरफ्तार किया गया था। उसे अमृतसर एयरपोर्ट पर रोका गया था और आरोप है कि उसने ही इस अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार सप्लाई किए थे।