08 Nov 2026
बालोद, 08 नवंबर (इंंद्रप्रस्थ न्यूज)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक दामाद ने शराब के नशे में अपने मामा ससुर पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बीती देर रात आरोपित को पकड़कर खूंटे से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला महामाया थाना क्षेत्र के आडेझर गांव का है। आडेझर निवासी 60 वर्षीय रत्तीराम घटना के दौरान शनिवार देर रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपित सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित ने पास में सो रहे अपने मामा ससुर रत्तीराम पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर खूंटे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।