08 Nov 2026
-मुख्यमंत्री याेगी ने 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
गोरखपुर, 08 नवंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या की विरासत और विकास के प्रवाह को रोक पाने में विफल समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के लोग अब घबराकर अयोध्या को बदनाम कर रहे हैं। अयोध्या के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को यह मालूम है कि विरासत और विकास की यह यात्रा अगर ऐसे ही चलती रहेगी तो सपा और कांग्रेस की राजनीति हमेशा के लिए दफन हो जाएगी। उनके सामने अपनी पहचान का संकट खड़ा हो जाएगा, जिन्होंने कभी प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। यह यात्रा इसी मजबूती के साथ एकजुट होकर जारी रहेगी तो कांग्रेस और सपा के सामने ही पहचान का संकट खड़ा हो जाएगा और इसीलिए दुष्प्रचार का सहारा लेना इन्होंने शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने नशे के सौदागरों के खिलाफ जोरदार हुंकार भरते हुए कहा कि उनकी सरकार नशे के सौदागरों को आबाद नहीं रहने देगी।
मुख्यमंत्री योगी रविवार को वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वनवासियों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे थे। उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री लगातार दसवीं बार वनटांगियों के साथ दीप पर्व की खुशियां साझा कीं। श्री अयोध्याधाम में शनिवार को दीपोत्सव संपन्न कराने के बाद रविवार पूर्वाह्न वनटांगिया गांव तिकोनिया नंबर तीन पधारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के विकास, इको टूरिज्म, वैश्विक नगर बाजार आदि से जुड़ी 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देकर योगी ने राम मंदिर निर्माण और अयोध्या सहित पूरे प्रदेश के तेज विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि सब कुछ हो सकता है, बस करने की इच्छाशक्ति होनी चाहिए। उन्होंने लोगों को याद दिलाते हुए कहा कि 2017 के पहले अयोध्या में 'जय श्री राम' बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था। लाठी-गोली चलती थी। तब विपक्षी दलों के लोग कहते थे कि राम तो हुए ही नहीं। तब कहते थे कि अयोध्या में परिंदा नहीं पर मार सकता। तब ये लोग राम मंदिर के विरोध में फौज खड़ी करते थे। उन्होंने कहा कि जो लोग अयोध्या में, अयोध्या के प्रवाह को रोक नहीं पाए थे, रामभक्तों के कारवां को प्रतिबंधित नहीं कर पाए थे, उसको किसी प्रकार से भी रोकने में जब विफल हुए, वही लोग आज अयोध्या को बदनाम करने में लगे हैं। मुख्यमंत्री ने 2017 से उप्र में हाे रहे विकास कार्याें का उल्लेख किया।
नशे के सौदागरों को आबाद नहीं रहने देंगे
मुख्यमंत्री योगी ने सभी लोगों का आह्वान किया कि पर्व में दूसरों के साथ खुशियां साझा करते हुए नशा और जुआ से दूर रहें। उन्होंने कहा कि नशा नाश का कारण होता है और जुआ व्यक्ति को गुलाम बना देता है। इन दोनों कुप्रवृत्तियों से अच्छा खासा परिवार बिखर जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से नशे के सौदागरों पर प्रहार चल रहा है। माफिया उन्मूलन के बाद अगला प्रहार नशे के सौदागरों के खिलाफ ही प्रारंभ हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा, ‘जो लोग दूसरों के जीवन को बर्बाद करते हैं, हम उसको आबाद नहीं होने देंगे।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो अच्छी सुविधाएं भी लेकर आती है और जब बुरी सरकार आती है तो नशे के सौदागरों के साथ मिलकर नौजवानों के भविष्य के खिलवाड़ करती है।
अंग्रेजों के बाद कांग्रेस व सपा ने जंगल में भटकने को छोड़ दिया था वनटांगियों को
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम तो 14 वर्ष वनवास के बाद अयोध्या लौट आए थे लेकिन वनटांगिया समुदाय को पहले अंग्रेजों और फिर कांग्रेस व सपा की सरकारों ने सौ साल से अधिक समय जंगलों में भटकने के लिए, दर-दर की ठोकरें खाने के लिए छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 56 वनटांगिया गांव थे, जिनका कोई पुरसाहाल नहीं था। 1947 में देश भले आजाद हो गया लेकिन इन वन्यगांवों को कभी आजादी नहीं मिल पाई थी। न इनका नाम मतदाता सूची में था, न यहां सड़क थी, न बिजली थी, न पानी था, न राशन कार्ड था, न स्कूल था, न चिकित्सालय था, न पेंशन की सुविधा थी और एक भी पक्का मकान भी नहीं था।
आज जंगल में मंगल है
योगी ने कहा कि आज हम दावे के साथ कह सकते हैं कि 2017 के बाद हुए विकास कार्यों से वनटांगिया गांवों के जंगल में मंगल है। उन्होंने कहा कि मैं लगातार 2007-08 से यहां आ रहा हूं। पिछले 10 वर्षों से मुख्यमंत्री के रूप में अयोध्या के बाद यहीं पर दीपावली मनाने के लिए आता हूं।
हमारे लिए रामकाज और राष्ट्रकाज एक
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए रामकाज और राष्ट्रकाज एक ही है। भगवान राम का भक्त होने के नाते हमने हर वनवासी, हर गिरवासी, हर वंचित, हर दलित को अपना बनाया है। उन्हें राम काज में सहयोगी बनाया है और राम काज वही है, जो राष्ट्र का काज है। उन्होंने हर तबके के लोगों से कहा कि हर परिस्थिति में सरकार आपके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रविकिशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, काशी से आए जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, राजेश गुप्ता, संजीव राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, क्षेत्र पंचायत प्रशासक वंदना सिंह, रणविजय सिंह मुन्ना आदि प्रमुख रूप से मंच पर उपस्थित रहे।
दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ
स्टालों का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वनटांगिया गांव के भ्रमण पर निकले। वह सबसे पहले वनटांगिया समाज के मुखिया रामगणेश के घर पहुंचे। उनके घर के बाहर सजाई रंगोली के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्यमंत्री ने सभी गांववासियों के लिए दीपोत्सव का शुभारंभ किया। वहां उन्होंने एक बुजुर्ग महिला लक्ष्मीना देवी को दीपावली का उपहार भेंट किया। इसके बाद वह गांव में लोगों से मिले और उनका अभिवादन स्वीकार कर उनसे आत्मीय संवाद किया।