02 Oct 2026
बिजनौर, 02 अक्टूबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज) । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के एक निकटस्थ गांव में एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की महज तीन दिन के अंदर हुई मौत से हड़कंप मच गया। जांच के दौरान दोनों भाइयों के एचआईवी संक्रमित होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है। घटना के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी टीमें भेज कर गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों काे एचआईवी काे लेकर जागरुक कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शहर से सटे एक गांव में करीब दो साल तक किराए के मकान में रहने वाली एक महिला के संपर्क में दोनों भाई आए थे। महिला के गांव छोड़ने के बाद पहले 51 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे ऋषिकेश एम्स ले गए, जहां जांच के दौरान उसके एचआईवी संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनाें के अनुसार बड़े भाई की मौत के करीब तीन दिन बाद उसके 43 वर्षीय छोटे भाई की तबीयत भी तेजी से बिगड़ गई। जांच में उसके भी एचआईवी पॉजिटिव होने की बात सामने आई और बुधवार रात उसकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार में लगातार दो मौतों की खबर से ग्रामीणों में दहशत और चिंता का माहौल बन गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिजनौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम को गांव भेजकर लोगों को एचआईवी के संबंध में जागरूक करने, संपर्क आए लोगों की जांच कराने के प्रयास हो रहे हैं। विभाग की ओर से लोगों को जांच और परामर्श के लिए स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचआईवी को लेकर भय या अफवाह के बजाय समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श जरूरी है। सामान्य सामाजिक संपर्क, साथ बैठने या साथ खाना खाने से एचआईवी नहीं फैलता।