05 Nov 2026
भुवनेश्वर, 05 नवंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ओडिशा सरकार ने राज्य के सात विश्वविद्यालयों को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से प्राप्त मान्यता की अवधि समाप्त होने के बाद उसके नवीनीकरण की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया है।
राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने गुरुवार को बताया कि संबंधित विश्वविद्यालयों को नवीनीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कार्य के लिए सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी।
नैक मान्यता के नवीनीकरण के लिए जिन विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया गया है, उनमें विक्रम देव विश्वविद्यालय, राजेंद्र विश्वविद्यालय, धरनीधर विश्वविद्यालय, मधुसूदन विधि विश्वविद्यालय और श्रीजगन्नाथ संस्कृत विश्वविद्यालय सहित सात संस्थान शामिल हैं।
मंत्री ने बताया कि राज्य के विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके अलावा, शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर सहित शिक्षकों के 1,400 से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इन पदों के लिए साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जा रहा है।
सूरज ने कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए विशेष कदम उठा रही है। इसके तहत राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) के साथ-साथ अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में ओडिशा के विश्वविद्यालयों की स्थिति बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और संस्थागत प्रदर्शन को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर उनकी पहचान और प्रतिष्ठा बढ़ाना है।