05 Nov 2026
भुवनेश्वर, 05 नवंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ओडिशा सरकार ने गुरुवार को वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। राज्य के सामान्य प्रशासन एवं जनशिकायत विभाग की ओर से 5 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, चार वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अधिसूचना के अनुसार, 1995 बैच के आईएएस अधिकारी विष्णुपद सेठी, जो ओडिशा वन विकास निगम (ओएफडीसी) के अध्यक्ष के साथ केबीके क्षेत्र के मुख्य प्रशासक का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे थे, उन्हें सामान्य प्रशासन एवं जनशिकायत विभाग में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया है।
इसी तरह, 2002 बैच के आईएएस अधिकारी गिरीश एस.एन. को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का आयुक्त-सह-सचिव नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले पंचायती राज एवं पेयजल विभाग में आयुक्त-सह-सचिव के पद पर कार्यरत थे।
वहीं, 2003 बैच की आईएएस अधिकारी अश्वथी एस., जो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की आयुक्त-सह-सचिव के साथ राज्य इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेटिव इनिशिएटिव्स, ओडिशा (एसआईटीआई-ओडिशा) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त दायित्व संभाल रही थीं, उन्हें वित्त विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। हालांकि, वह एसआईटीआई-ओडिशा की सीईओ का अतिरिक्त प्रभार भी संभालती रहेंगी।
इसके अलावा, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटीं 2004 बैच की आईएएस अधिकारी रूपा मिश्रा को पंचायती राज एवं पेयजल विभाग का आयुक्त-सह-सचिव नियुक्त किया गया है।