07 Nov 2026
नई दिल्ली, 07 नवंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने गुरुग्राम में सड़क धूल प्रदूषण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त को धूल नियंत्रण उपायों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ संबंधित न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष शिकायत दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया है। इसमें निगम के कार्यकारी अभियंता सुंदर श्योराण सहित अन्य दोषी अधिकारियों के खिलाफ रोड स्वीपिंग में गंभीर लापरवाही और आयोग के निर्देशों की अवहेलना को लेकर मुकदमा दायर करने को कहा गया है।
आयोग के अनुसार 26 दिसंबर 2025 को 125 सड़क खंडों के निरीक्षण में 34 पर हाई, 58 पर मॉडरेट धूल मिली थी। सिर्फ 4 खंडों पर धूल नहीं थी।
14 अक्टूबर 2026 को 52 सड़क खंडों (लगभग 104 किमी) के निरीक्षण में कुल 258 उल्लंघन पाए गए। इनमें 174 उल्लंघन निगम के और 84 जीएमडीए के थे।
13 अक्टूबर 2026 तक निगम के खिलाफ 1135 और प्राधिकरण के खिलाफ 183 जन शिकायतें मिलीं। सेक्टर 49, 57, 70, 73, 74 और 75 में सड़कों के किनारे मलबा और कूड़े के ढेर मिले थे।
तीन नवम्बर को सुनवाई में निगम ने बताया कि मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें अभी 50-60 प्रतिशत क्षमता पर चल रही हैं, जिन्हें नवंबर मध्य तक 80 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा। निगम ने बताया कि एक्सईएन सुंदर श्योराण के खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा नियमों के तहत चार्जशीट की सिफारिश की गई है। आयोग ने कहा कि ये आश्वासन भविष्य के हैं, अब तक की लापरवाही को खत्म नहीं करते। इसलिए निगम को कोर्ट में शिकायत दर्ज कर, निरीक्षण रिपोर्ट, फोटो, स्वीपिंग रिकॉर्ड सहित सभी दस्तावेजों के साथ एक्शन टेकन रिपोर्ट आयोग को देनी होगी।