07 Nov 2026
प्रयागराज, 07 नवंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टाॅस्क फाेर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश काे हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। वह 10 वर्षों से फरार चल रहा था। आरोपित के खिलाफ प्रयागराज के झूंसी थाना में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार और उनका इस्तेमाल करने के मामले में मुकदमा दर्ज था।
एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि इनामी बदमाश काे एसटीएफ ने उसे छह नवंबर की शाम पांच बजे गुरुग्राम के सुकराली स्थित एक होटल के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपित मूलरूप से बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के दवनी गांव का निवासी है। वह प्रयागराज के झूंसी क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी में भी रह चुका है। उसके चचेरे भाई उमेश कुमार सिंह के नाम से अहमदाबाद के शेयर बाजार में दो हजार रुपये का शेयर खरीदा गया था। इसके बाद कथित रूप से फर्जी पहचान पत्र और बैंक खाते के माध्यम से मुकदमा वादी उमेश कुमार सिंह के खाते से रुपये निकाल लिए गए थे।
इसी मामले में झूंसी थाने में वर्ष 2016 में धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। आरोपित करीब दस वर्षों से फरार चल रहा था। फरारी के दौरान वह गुरुग्राम में रहकर एक कंपनी में नौकरी करता रहा। कुछ समय तक उसी कंपनी की नोएडा शाखा में भी काम किया। बाद में दोबारा गुरुग्राम लौट आया। गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित होने की जानकारी मिलने के बाद वह लगातार ठिकाने बदलकर छिप रहा था। एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपित शेखर सिंह को झूंसी थाने में दर्ज मुकदमे में दाखिल किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जाएगी।