04 Oct 2026
बाराबंकी, 04 अक्टूबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में घुंघटेर थाना क्षेत्र के कृष्णानगर गांव में शनिवार शाम कल्याणी नदी में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों बच्चे नदी के पास खेलने के लिए गए थे। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को नदी से बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार कृष्णानगर गांव निवासी कक्षा आठ के छात्र अमित (14) और राज (13) शनिवार शाम घर से निकलकर कल्याणी नदी के पास गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी दोनों वापस नहीं आए तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में उनकी तलाश शुरू की।
देर शाम नदी किनारे एक बच्चे के पानी में दिखाई देने की सूचना मिली। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस की पीआरवी टीम भी मौके पर पहुंच गई। दोनों को घुंघटेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।