04 Oct 2026
लखनऊ/बिजनाैर, 04 अक्टूबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी थानाक्षेत्र में रविवार को बिजनौर जिले के नहटौर थाना में तैनात दारोगा सोनू निगम की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनकी मां सावित्री देवी और ताऊ शेर सिंह की मौत हो गई, जबकि एयरबैग खुलने से दरोगा सोनू निगम और चालक संदीप भाटी बाल-बाल बच गए।
काकोरी थाना प्रभारी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि दारोगा सोनू निगम मूलरूप से बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र स्थित गांव दस्तुरा के रहने वाले हैं। वह 24 दिसंबर 2024 से नहटौर थाना में तैनात और वर्तमान में अवकाश लेकर अपने घर गए थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह अपनी मां सावित्री देवी और ताऊ शेर सिंह के साथ चालक संदीप भाटी की कार से लखनऊ के मोहनलालगंज में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ आ रहे थे।
काकोरी थाना क्षेत्र में चकोली अंडरपास के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में पिछली सीट पर बैठे सावित्री देवी और शेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एयरबैग खुलने से चालक संदीप और दाराेगा बच गये। आनन-फानन में घायलाें काे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टर ने दाराेगा की मां और ताऊ काे मृत घाेषित कर दिया। पुलिस काे कार से एक सूटकेस से करीब 3.5 लाख रुपये की नकदी मिली है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।-----