04 Oct 2026
बिजनौर, 04 अक्टूबर (इद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के सेवारामपुर गांव में शनिवार देर रात गुलदार सड़क पर घूमता दिखाई दिया। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में तलाश की और रविवार को भी निगरानी अभियान चलाया।
ग्रामीणों के मुताबिक, इससे पहले भी कार सवार लोगों ने सड़क पर गुलदार को देखा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। लगातार दिखाई दे रहे गुलदार के कारण ग्रामीण शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं। किसान खेतों में जाने और परिवार के लोग बच्चों व बुजुर्गों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं।
ग्राम प्रधान पति अफसार अहमद ने गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाने की मांग करते हुए वन विभाग को पत्र दिया है। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने रात में इलाके में सर्च अभियान चलाया। गुलदार की मौजूदगी का पता लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर तलाश की गई और पटाखे भी छोड़े गए।
बिजनौर वन विभाग के रेंजर महेश गौतम ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर नहीं जाने की अपील की है। रविवार सुबह वन विभाग की टीम फिर गांव पहुंची और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी शुरू कर दी।-----------