23 Nov 2026
नई दिल्ली, 23 नवंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट कौतुक भारद्वाज ने सोमवार को दिल्ली पुलिस से इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दर्ज एक आपराधिक शिकायत के संबंध में 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 8 जनवरी, 2027 के लिए तय की गई है।
एक आरटीआई कार्यकर्ता की इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भारद्वाज ने कई बार अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और टिप्पणियां प्रकाशित और प्रसारित की हैं, जिनमें मुसलमानों और उनकी धार्मिक प्रथाओं के बारे में अपमानजनक बातें कही गई हैं। शिकायतकर्ता ने अदालत से आग्रह किया है कि वह 'सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम' और 'भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत इन अपराधों का संज्ञान ले।
शिकायतकर्ता के वकील ने दलील दी कि अदालत का रुख करने से पहले पुलिस को सूचित करने के सभी विकल्प आजमाए जा चुके हैं। याचिका में सोशल मीडिया पर मौजूद संबंधित डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखने की भी मांग की गई है।
यह मामला सितंबर में जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन के दौरान एक छात्र कार्यकर्ता के पिता पर हमले और उसके बाद दर्ज हुए पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के मामलों से अलग है, जिनमें भारद्वाज को अक्टूबर में जमानत मिल चुकी है।