इंद्रप्रस्थ न्यूज – ताज़ा हिंदी खबरें | राष्ट्रीय, राज्य, खेल, बिज़नेस ब्रेकिंग न्यूज़
ब्रेकिंग न्यूज
ताजा खबरें गाजियाबाद: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए एलआईजी फ्लैटों का ड्रा रद्द,लोगों ने किया हंगामा `भारत में निर्माण करें, भारत में खेलें और भारत के साथ आगे बढ़ें\', खेल उद्योग के दिग्गजों से बोले मांडविया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में आईसीसी आचार संहिता उल्लंघन के दोषी पाए गए तौहिद हृदोय बांग्लादेश में विदेश राज्यमंत्री के घर के बाहर आगजनी, एनसीपी नेता के आवास पर फेंका बम सात साल से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी को बिना नोटिस हटाना मनमाना: हाईकोर्ट दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसलाः आपसी वित्तीय लेनदेन के विवाद को साइबर अपराध का रूप नहीं दे सकते गोवा फिल्म फेस्टिवल में बिहार में शूट हुई फिल्म ऑफलाइन की होगी स्पेशल स्क्रीनिंग सामंथा रुथ प्रभु और राज निदिमोरु के घर गूंजी किलकारी, बेटे का नाम रखा \'देव\' \'ईठा\' में बेबाक अंदाज में नजर आएंगी श्रद्धा कपूर, नया वीडियो जारी असल जिंदगी की घटनाओं पर आधारित होगी संजय कपूर की नई फिल्म \'मॉन्स्टर\' में सलमान और नयनतारा की जोड़ी दिखाएगी दम, एक्शन से सजेगी फिल्म जयपुर में अवैध रूप से रह रहे 14 विदेशी नागरिक डिपोर्ट, इस साल अब तक 75 को भेजा गया वापस एससीओ के मंच से प्रधानमंत्री ने दिया एकजुटता का संदेश, कहा- साम्राज्यों ने नक्शे बदले, सभ्यागत संवाद ने विचारों को बदला यूपी के हजारों कर्मचारियों को पेंशन में राहत, नियमितीकरण से पहले की सेवा भी गिनी जाएगी; सुप्रीम कोर्ट ने दो कानून रद्द किए लापता बांग्लादेशी नागरिक मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, झारखंड को \'जीरो एफआईआर\' दर्ज करने का निर्देश बाइक टैक्सी पर प्रतिबंध लगाने की कर्नाटक सरकार की याचिका खारिज, सुप्रीम कोर्ट बोला- रोक नहीं, नियमन बेहतर तीन साल तक क्यों दबाई गई ईडी की याचिका? सुप्रीम कोर्ट ने जताई सख्त नाराजगी, महासचिव को दिए जांच के आदेश पीएमएलए के तहत ईडी की शक्तियों की समीक्षा करेगा सुप्रीम कोर्ट, जनवरी में होगी सुनवाई रोस्टर का हवाला देकर बेंच ने किया किनारा, सीजेआई के पास भेजा गया ऐतिहासिक सीएस लाइब्रेरी का केस सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाई कोर्ट कहा, आरसीए में महिला कोटे से जुड़ी याचिका पर फैसला लें सुप्रीम कोर्ट ने जंतर-मंतर विरोध स्थल मामले में जवाब के लिए याचिकाकर्ता को एक सप्ताह का समय दिया राजस्थान हाइकोर्ट खंडपीठ का अहम फ़ैसला : सविंदा अल्प वेतनभोगी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं/ एएनएम के नियमितीकरण पर लगी रोक हटी महिला पहलवानों की याचिका पर बृजभूषण शरण सिंह ने जवाब दाखिल किया पुस्तक ‘कुछ कही, कुछ अनकही’ का विमोचन, भाजपा अध्यक्ष ने बताये प्रधानमंत्री की कार्यशैली के पांच मंत्र मां के निधन पर पैतृक गांव पंचूर पहुंचे योगी आदित्यनाथ, पार्थिव शरीर के किए अंतिम दर्शन
मानसून की सटीक दस्तक बताएगी नई तकनीक, आईआईटी मद्रास और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने खोजा तरीका

मानसून की सटीक दस्तक बताएगी नई तकनीक, आईआईटी मद्रास और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने खोजा तरीका

10 Nov 2026

  • 84 वर्षों के वर्षा आंकड़ों से तैयार हुआ नया क्लाइमेट नेटवर्क मॉडल, स्थानीय बारिश और वास्तविक मानसून के बीच करेगा अंतर


नई दिल्ली, 10 नवंबर (एजेंसीी)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने मानसून की सटीक जानकारी देने के लिए वैज्ञानिक समाधान खोजने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह नई तकनीक मानसून की सटीक जानकारी देगी।


किसानों, देश की अर्थव्यवस्था और जनजीवन का बड़ा हिस्सा मानसून की समय पर दस्तक पर निर्भर करता है। अब इस नई तकनीक से किसानों की बुवाई से लेकर देश के जल भंडारण, खाद्य सुरक्षा और बाढ़ प्रबंधन तक की समस्या का समाधान होगा, क्योंकि किसी क्षेत्र में मानसून वास्तव में कब पहुंचा, इसका सटीक निर्धारण लंबे समय से मौसम वैज्ञानिकों के सामने चुनौती रहा है। कई बार स्थानीय स्तर पर हुई बारिश को मानसून का आगमन मान लिया जाता है, जबकि व्यापक मानसूनी प्रणाली उस क्षेत्र तक पहुंची ही नहीं होती है।


आईआईटी मद्रास और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने एक ऐसा नया क्लाइमेट नेटवर्क मॉडल तैयार किया है, जो स्थानीय बारिश और वास्तविक, व्यापक मानसूनी गतिविधि के बीच अंतर स्पष्ट कर सकता है। यह पहली बार किसी स्थान पर मानसून के वास्तविक आगमन को बड़े पैमाने पर सक्रिय हुई परस्पर जुड़ी वर्षा प्रणाली के आधार पर पहचानने का अधिक वस्तुनिष्ठ तरीका सामने आया है।


शोधकर्ताओं का दावा है कि यह पद्धति किसानों को बुवाई के समय के बारे में अधिक विश्वसनीय जानकारी देने के साथ ही सरकार और नीति-निर्माताओं को जल संसाधन प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा तथा बाढ़ की तैयारी से जुड़ी योजनाएं बनाने में मददगार साबित हो सकती है। इस शोध के निष्कर्ष प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका जर्नल ऑफ क्लाइमेट में प्रकाशित हुए हैं। यह अमेरिकन मौसम विज्ञान सोसायटी की सहकर्मी-समीक्षित पत्रिका है।


स्थानीय बारिश और मानसून के आगमन में अंतर समझेगी नई तकनीक


अब तक मानसून के आगमन का निर्धारण मुख्य रूप से वर्षा की मात्रा, मौसम संबंधी परिस्थितियों और क्षेत्रीय अवलोकनों के आधार पर किया जाता रहा है। इसमें एक बड़ी व्यावहारिक समस्या यह है कि किसी स्थान पर मानसून पहुंचने से पहले भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। ऐसी बारिश कुछ समय की स्थानीय मौसमी गतिविधि होती है, जिसका व्यापक मानसूनी प्रणाली से सीधा संबंध आवश्यक रूप से स्थापित नहीं होता।


आईआईटी मद्रास और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने इसी अंतर को समझने के लिए नेटवर्क साइंस और जटिल तंत्रों के अध्ययन को मौसम विज्ञान के साथ जोड़ा है। इस पद्धति में देश के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों को एक क्लाइमेट नेटवर्क के नोड्स के रूप में देखा गया है। इन नोड्स के बीच संबंध उन स्थानों पर बारिश की शुरुआत के बीच स्थानिक जुड़ाव को दर्शाते हैं। शोधकर्ताओं ने अध्ययन किया कि अलग-अलग क्षेत्रों में शुरू होने वाली स्थानीय वर्षा किस तरह धीरे-धीरे एक बड़े और परस्पर जुड़े वर्षा समूह का हिस्सा बनती है।


इस अध्ययन की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि किसी स्थान पर पहली बारिश को मानसून का आगमन मानने के बजाय उस समय को वास्तविक शुरुआत माना गया है, जब वहां की बारिश व्यापक मानसूनी वर्षा प्रणाली के सबसे बड़े आपस में जुड़े समूह में शामिल हो जाती है। शोधकर्ताओं ने इसे क्लाइमेट नेटवर्क में एक तरह का 'फेज ट्रांजिशन' यानी अवस्था परिवर्तन बताया है।


प्रो. आरआई सुजीत ने बताया शोध का महत्व


आईआईटी मद्रास के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्टडीइंग क्रिटिकल ट्रांजिशन इन कॉम्प्लेक्स सिस्टम्स (सीओई-सीटीसीएस) के प्रमुख प्रो. आरआई सुजीत ने शोध के निष्कर्षों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी स्थान पर मानसून का आगमन जरूरी तौर पर वहां हुई पहली बारिश से निर्धारित नहीं होता। वास्तविक शुरुआत उस समय होती है, जब स्थानीय बारिश की गतिविधि परस्पर जुड़ी वर्षा गतिविधियों के सबसे बड़े व्यापक समूह का हिस्सा बन जाती है।


उनके अनुसार, भौतिक रूप से इसका अर्थ है कि उस क्षेत्र की बारिश अब कुछ समय के लिए होने वाली स्थानीय मौसमी घटना से आगे बढ़कर व्यापक मानसूनी प्रणाली का हिस्सा बन चुकी है। शोधकर्ताओं ने इस बदलाव को क्लाइमेट नेटवर्क में अवस्था परिवर्तन के रूप में पहचाना है।


प्रो. सुजीत ने कहा कि इस नई पद्धति का एक बड़ा लाभ यह है कि इससे मानसून की गलत शुरुआत की पहचान से बचने में मदद मिल सकती है। इससे किसानों को बुवाई के लिए समय तय करने और नीति-निर्माताओं को खाद्य सुरक्षा तथा जल संसाधनों के प्रबंधन की बेहतर योजना बनाने में सहायता मिलेगी। वह आईआईटी मद्रास के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग में संस्थान के प्रोफेसर और डी. श्रीनिवासन संस्थान के चेयर प्रोफेसर भी हैं।


84 वर्षों के आंकड़ों से सामने आई मानसून की समय-सारिणी


इस शोध में 84 वर्षों के वर्षा संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर शोधकर्ताओं ने पाया कि जलवायु की सामान्य परिस्थितियों में पूर्वोत्तर भारत में व्यापक वर्षा प्रणाली की शुरुआत लगभग 15 मई के आसपास होती है, जबकि भारतीय प्रायद्वीप में इसका आगमन लगभग नौ जून के आसपास दर्ज किया जाता है।


शोध में सामने आया कि व्यापक वर्षा प्रणाली का निर्माण अचानक होता है। शुरुआत में स्थानीय स्तर पर वर्षा के छोटे-छोटे समूह बनते हैं। इसके बाद इन समूहों के आकार और आपसी जुड़ाव में तेजी से वृद्धि होती है। सबसे बड़े वर्षा समूह का अचानक विस्तार व्यापक मानसूनी शुरुआत का महत्वपूर्ण संकेत बनता है। इसके बाद यह प्रणाली देश के विभिन्न हिस्सों में आगे बढ़ती हुई उत्तर की दिशा में फैलती है।


इस प्रक्रिया को समझाने के लिए शोधकर्ताओं ने पूर्वोत्तर भारत का उदाहरण दिया है। अप्रैल के दौरान यहां गरज-चमक और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण बारिश के छोटे-छोटे समूह बनने लगते हैं। मौसम आगे बढ़ने के साथ ये समूह बड़े होते जाते हैं और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र से जुड़े वर्षा समूहों के साथ मिलकर व्यापक प्रणाली का रूप ले लेते हैं। इसी बड़े समूह के अचानक विस्तार को पूर्वोत्तर भारत में मानसून की व्यापक शुरुआत के रूप में पहचाना गया।


इसी तरह भारतीय प्रायद्वीप में केरल के आसपास स्थानीय बारिश का एक छोटा समूह बनता है। जब यह समूह पूर्वोत्तर भारत से पश्चिम की ओर फैल रही सबसे बड़ी वर्षा प्रणाली से जुड़ जाता है, तब इसे भारतीय प्रायद्वीप में व्यापक मानसूनी शुरुआत माना जाता है। इस तरह नई पद्धति केरल में होने वाली स्थानीय बारिश और वास्तविक मानसूनी प्रणाली के आगमन के बीच स्पष्ट अंतर कर सकती है।


2026 के मानसून की भी की गई निगरानी


शोधकर्ताओं ने इस नई वैज्ञानिक पद्धति का इस्तेमाल वर्ष 2026 के मानसून की निगरानी के लिए भी किया। अध्ययन के अनुसार, भारतीय प्रायद्वीप में व्यापक मानसून का आगमन 22 जून 2026 को हुआ। इसके बाद मानसूनी बारिश की प्रणाली उत्तर की ओर बढ़ी। मुंबई में 24 जून तक और दिल्ली में एक जुलाई तक भारी बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं।


शोध में मानसून के उत्तर की ओर तेजी से बढ़ने को मॉनसून इंट्रासीज़नल ऑसिलेशन (एमआईएसओ) की पहली लहर से भी जोड़ा गया है। यह मानसून के दौरान वर्षा गतिविधियों के व्यापक स्तर पर होने वाले उतार-चढ़ाव और उनके प्रसार से संबंधित मौसमी प्रक्रिया है। शोधकर्ताओं के अनुसार, इस प्रक्रिया का अध्ययन नई पद्धति से पहचाने गए मानसून के आगमन को एक अतिरिक्त भौतिक आधार प्रदान करता है।


पारंपरिक मौसम पूर्वानुमान का विकल्प नहीं, एक अतिरिक्त वैज्ञानिक आधार


गुवाहाटी विश्वविद्यालय के एसटी रडार सेंटर के प्रो. बीएन गोस्वामी का इस संबंध में कहना है, यह पद्धति मानसून की पारंपरिक परिचालन परिभाषाओं को बदलने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें अधिक वैज्ञानिक आधार देने के उद्देश्य से विकसित की गई है। इसकी विशेषता यह है कि यह किसी स्थान पर होने वाली स्थानीय बारिश को मानसून की व्यापक गतिविधियों से जोड़कर देखती है। इससे देश के अलग-अलग क्षेत्रों में मानसून की व्यापक शुरुआत को एक ही वैज्ञानिक ढांचे के अंतर्गत पहचानना संभव हो सकता है। इस शोध को योगेनराज पाटिल, गौरव चोपड़ा, श्रुति टंडन, आईआईटी मद्रास के प्रो. आरआई सुजीत और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के प्रो. बीएन गोस्वामी ने संयुक्त रूप से तैयार किया है।


गौरतलब है कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश में मानसून की सटीक जानकारी का महत्व मौसम पूर्वानुमान से कहीं आगे है। इसका सीधा संबंध किसानों के निवेश, फसल चक्र, सिंचाई व्यवस्था, बांधों में जल भंडारण, पेयजल आपूर्ति और बाढ़ से निपटने की तैयारियों से है। ऐसे में स्थानीय बारिश और व्यापक मानसूनी प्रणाली के बीच अंतर पहचानने वाली यह तकनीक भविष्य में मौसम विज्ञान और आपदा प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण उपकरण बन सकती है। इसकी उपयोगिता इस बात में है कि यह मानसून को महज बारिश के रूप में देखने के बजाय एक विशाल, परस्पर जुड़ी जलवायु प्रणाली के रूप में समझने का नया वैज्ञानिक रास्ता खोलती है।

Latest News