19 Nov 2026
मोगादिशु, 19 नवंबर (एजेंसी)। सोमालिया ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर अपनी संप्रभुता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उसके राजदूत को 72 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। साथ ही अबूधाबी में तैनात अपने राजदूत को भी वापस बुला लिया है। सोमालिया सरकार ने यूएई की कथित गतिविधियों को देश की संप्रभुता, सुरक्षा, क्षेत्रीय अखंडता और एकता के खिलाफ ‘खुला अतिक्रमण’ करार दिया है।
सरकारी समाचार एजेंसी पर प्रसारित बयान में सूचना मंत्री अब्दिफताह कासिम मोहम्मद ने कहा कि सोमालिया के खिलाफ इस कथित अतिक्रमण में यूएई का साथ देने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने देश के नागरिकों से अपनी मातृभूमि की रक्षा करने और राष्ट्रीय संप्रभुता के खिलाफ इस चुनौती का एकजुट होकर मुकाबला करने की अपील की।
हालांकि, मंत्री ने उन विशिष्ट गतिविधियों का खुलासा नहीं किया, जिनके कारण सरकार ने यह कदम उठाया। इससे पहले, राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद ने यूएई पर सोमालिया की कुछ क्षेत्रीय सरकारों को आर्थिक और राजनीतिक समर्थन देकर संघीय सरकार के खिलाफ खड़ा करने का आरोप लगाया था।
यूएई के विदेश मंत्रालय की ओर से इस घटनाक्रम पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। यूएई पहले सोमालिया की सेना को वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण देने के साथ वहां बंदरगाहों तथा अन्य व्यावसायिक परियोजनाओं में निवेश करता रहा है। हालांकि, वह सोमालिया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के आरोपों से इनकार करता रहा है।