06 Nov 2026
जबलपुर, 06 नवंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा के निकट गौरहा गांव के पास शुक्रवार तड़के बदमाशों ने सोना-चांदी के व्यापारी को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए। वारदात को कार सवार चार बदमाशों ने अंजाम दिया। उन्होंने व्यापारी की गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मारकर गिराया और जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार बरगी मोहला निवासी सोना-चांदी के व्यापारी मनोज सोनी करीब 7 से 8 लाख रुपये के जेवरात लेकर गौरहा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। व्यापारी के गिरते ही कार सवार चारों बदमाश उनके पास रखे जेवरात लूटकर फरार हो गए।
बदमाशों की रफ्तार इतनी तेज थी कि भागते समय उन्होंने गौरहा के पास एक गाय को भी टक्कर मार दी। गाय गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ी मिली। पुलिस को वारदात की सूचना देरी से मिली, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। फिलहाल लुटेरों और लूटे गए जेवरात के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।