30 Apr 2026
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली के द्वारका में आज सुबह सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स परिसर के तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। आशंका है कि बच्चे तालाब में गहराई तक चले गए और डूब गए। तीनों के शव तालाब निकाल लिए गए हैं। पुलिस आसपास के लोगों की मदद से इनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:07 बजे थाना सेक्टर-23 द्वारका में पीसीआर कॉल मिली कि सेक्टर-24 गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। इस सूचना पर थाना प्रभारी टीम के साथ वहां पहुंचे। दमकल विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को बुलाया गया। कुछ देर की मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों बच्चों की उम्र लगभग 8 से 10 वर्ष के बीच है। बच्चों के कपड़े तालाब के किनारे मिले हैं। अंदेशा है कि वह नहाने के इरादे से तालाब में उतरे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह हादसा लग रहा है। किसी भी थाने में बच्चों के लापता होने की सूचना दर्ज नहीं है। आसपास के सीसीटीवी के फुटेज देखे जा रहे हैैं। इस घटना के बाद इलाके में मातम है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि खुले जलाशयों और तालाबों के आसपास सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी किसी घटना से बचा जा सके। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार, मामले की जांच जारी है और बच्चों की पहचान होने के बाद उनके स्वजन को सूचना दी जाएगी।