24 Jan 2026
श्रीनगर, 24 जनवरी (हि.स.)। बर्फ़बारी के कारण हवाई यातायात बाधित होने और कई उड़ानें रद्द होने के एक दिन बाद आज सुबह श्रीनगर हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य हो गया। हालांकि गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण दिल्ली हवाई अड्डे से आने-जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे पर जारी किए गए नोटैम (वायुमार्ग कर्मियों के लिए सूचना) के कारण आज सुबह दिल्ली से आने-जाने वाली छह उड़ानें रद्द कर दी गईं। उन्होंने बताया कि उड़ानें लगभग पूरी तरह से सामान्य हो गई हैं और देश के विभिन्न हिस्सों से आने-जाने वाली उड़ानें सामान्य समय सारिणी के अनुसार चल रही हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे पर सुबह 10:20 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक जारी किए गए नोटैम के कारण छह उड़ानें रद्द हुईं, बाकी सभी उड़ानें सुचारू रूप से चल रही हैं। उन्होंने यात्रियों को हवाई अड्डे जाने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से नवीनतम उड़ान स्थिति की जानकारी लेने की सलाह भी दी। शुक्रवार को श्रीनगर में मौसम की पहली बर्फबारी के बाद कम दृश्यता और रनवे बंद होने के कारण एक दर्जन से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं जिससे सैकड़ों यात्री हवाई अड्डे पर फंस गए थे।