12 Mar 2026
नोएडा, 12 मार्च (हि.स.)। नोएडा के सेक्टर 63 में स्थित नैनीताल बैंक का सर्वर हैक कर 16 करोड़ों 71 लाख रुपये की ठगी करने वाले गैंग के दो नाइजीरियाई नागरिकों को थाना साइबर क्राइम पुलिस और नॉलेज पार्क पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 05 मोबाइल फोन, 39 हजार रुपए नगद, चार मोबाइल फोन के सिम कार्ड आदि बरामद किया है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि साइबर क्राइम में तैनात निरीक्षक विनोद कुमार और उनकी टीम ने थाना नॉलेज पार्क पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नाइजीरियाई नागरिक मोडेब ओडिक्पो जोसेफ, संडे ओकोनकवों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि उनके कुछ साथी फरार है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने नोएडा के सेक्टर 63 स्थित नैनीताल बैंक लिमिटेड से 16 करोड़ 71 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन सर्वर को हैक करके कर लिया था। इन बदमाशों ने अब तक कई बैंकों के सर्वर हैक करके करोड़ों रुपये की ठगी की है। उन्होंने बताया कि आरोपित ग्रेटर नोएडा में स्थित एक होटल में आकर रुके हुए थे। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक प्रिंस विभिन्न बैंक के खातों के सर्वर को हैक करके रकम निकालता है, तथा ये लोग उन रकम को हवाला के माध्यम से नाइजीरिया भेज देते हैं। इन आरोपियों ने गुजरात के भाव नगर स्थित कोऑपरेटिव बैंक से सर्वर हैककर 26 करोड रुपये का ट्रांजैक्शन किया है। जबकि अभी और ट्रांजैक्शन करना चाह रहे थे।