29 Apr 2026
अहमदाबाद, 29 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। गुजरात में स्थानीय नगर पालिका, महानगर पालिका एवं स्थानीय निकाय के चुनाव परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए। राज्य की 15 महानगरपालिकाओं (मनपा), 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तहसील पंचायतों के लिए हुई मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर प्रचंड जीत दर्ज की है। कुल 10,005 सीटों में से 732 सीटें पहले ही निर्विरोध चुनी जा चुकी थीं।
चुनाव परिणामों के अनुसार भाजपा ने सभी 15 महानगरपालिकाओं पर कब्जा बरकरार रखा है। 84 नगरपालिकाओं में से 78 पर भाजपा और 6 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। 34 जिला पंचायतों में से 33 पर भाजपा का नियंत्रण स्थापित हुआ है, जबकि 260 तालुका पंचायतों में से 253 सीटें भाजपा के खाते में गई हैं। शेष 7 सीटें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) को मिली हैं।
सूरत महानगरपालिका में भी भाजपा ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 115 सीटों पर जीत हासिल की है। यहां आम आदमी पार्टी, जिसने 2021 में 27 सीटें जीती थीं, इस बार घटकर केवल 4 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस को 1 सीट मिली है। वहीं अमरेली जिले की बगसरा तहसील पंचायत में आम आदमी पार्टी ने पहली बार जीत दर्ज कर इतिहास बनाया है।
भाजपा का यह प्रदर्शन वर्ष 2021 के चुनावों से भी बेहतर माना जा रहा है। पार्टी ने इस बार भी 100 प्रतिशत महानगरपालिकाओं पर कब्जा बनाए रखा है, जबकि नगरपालिकाओं, जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों में भी भारी बहुमत हासिल किया है।
चुनाव में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीशभाई विश्वकर्मा के नेतृत्व में बूथ स्तर तक की गई माइक्रो मैनेजमेंट रणनीति को सफलता का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पार्टी ने डोर-टू-डोर प्रचार, समूह बैठकों और सामाजिक संपर्क कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं तक व्यापक पहुंच बनाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत पर गुजरात की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय सुशासन और विकास कार्यों पर जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार भविष्य में और अधिक मेहनत कर राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
चुनावी विश्लेषण के अनुसार शहरी क्षेत्रों में भाजपा का मजबूत वोट बैंक कायम है, जहां पार्टी को लगभग 59 प्रतिशत वोट शेयर मिला है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस अभी भी मुख्य विपक्ष के रूप में बनी हुई है, लेकिन आम आदमी पार्टी के बढ़ते प्रभाव से उसे नुकसान हुआ है।