04 Feb 2026
नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए लोकसभा अध्यक्ष से राहुल गांधी पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। मंत्री सिरसा ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने संसद परिसर में सिख मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ जिस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल किया, उन्हें गद्दार कहा, इसकी वे कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को शर्मसार करने वाला बताते हुए कहा कि सिख सरदार है, वह कभी गद्दार नहीं हो सकता। मंत्री सिरसा ने कहा कि ये सिखों की तौहीन है, यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 1980 के दशक का जहर आज भी कांग्रेस की मानसिकता में है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से राहुल गांधी के ऊपर तुरंत कार्रवाई का आग्रह किया।