18 Feb 2026
गाजियाबाद, 18 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) परीक्षाओं का बुधवार को दूसरा दिन रहा। बुधवार को कक्षा 12वीं के लिए फिजिकल एजुकेशन और दसवीं कक्षा के छात्र होम साइंस की परीक्षा देने पहुंचे। ये परीक्षाएं भारत समेत कई देशों में आयोजित हो रही हैं।
10वीं के लिए कुल 25,08,319 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं जिनमें 14,08,546 छात्र और 10,99,773 छात्राएं शामिल हैं। 12वीं के लिए 18,59,551 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 10,27,552 छात्र और 8,31,999 छात्राएं हैं।
देश भर में 8 हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए है। सीबीएसई की यह परीक्षाएं पूरी तरह से सुरक्षित इन परीक्षा केन्द्रों पर हो रही हैं। सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं व बारहवीं की परीक्षाएं एक साथ 17 फरवरी से शुरू हुई हैं। तय नियमों के अनुसार परीक्षा सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू हुई। बोर्ड के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रही है।
फिलहाल किसी भी परीक्षा केंद्र पर तनाव या कोई अप्रिय बात सामने नहीं आई है। गाजियाबाद के डीएलएफ पब्लिक स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर एग्जाम देने आई 12वीं कक्षा की छात्रा अंजलि यादव ने बताया कि आज मौसम खराब होने और उसका पहला पेपर होने के कारण वह घर से जल्दी निकली। फिजिकल एजुकेशन के पेपर के बारे में उसका कहना था कि पेपर काफी सरल था। उसने पेपर तो अच्छी तरीके से सॉल्व किया है। जिन पुराने चैप्टर से अक्सर सवाल पूछे जाते थे, उनमें से कुछेक को इस बार दरकिनार कर दिया गया था लेकिन कुल मिलाकर जिन बच्चों ने अच्छी तैयारी की थी, उनके लिए पेपर काफी सरल था।
गौरतलब है कि सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से भारत समेत 26 देशों में शुरू हो चुकी हैं। 43 लाख से अधिक छात्र दसवीं और बारहवीं कक्षा की यह परीक्षाएं दे रहे हैं। पहले दिन दसवीं के छात्रों ने गणित और बारहवीं के छात्रों ने बायो टेक्नोलॉजी का एग्जाम दिया था।
10वीं कक्षा के छात्र अब 20 फरवरी को डेटा साइंस, ब्यूटी एंड वेलनेस और मार्केटिंग की परीक्षा देंगे। 12वीं कक्षा के छात्र 19 फरवरी को इंजीनियरिंग ग्राफिक्स, डांस फॉर्म्स, हॉर्टिकल्चर और 20 फरवरी को फिजिक्स की परीक्षा देंगे। बोर्ड ने मौजूदा वर्ष में परीक्षा प्रणाली में कई महत्वपूर्ण बदलाव भी किए हैं। इसमें कक्षा 12 के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग यानी ओएसएम सिस्टम की शुरुआत भी शामिल है।