02 Feb 2026
यरूशलमबेरूत, 02 फरवरी (हि.स.)। इजराइल ने सोमवार को दक्षिण लेबनान में हिज्बुल्लाह से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई स्थानों पर हवाई हमले किए। हमलों से पहले इजराइली सेना ने दो गांवों 'कफर तिबनित' और 'ऐन काना' के लिए निकासी चेतावनी जारी की थी। इजराइली सेना के अनुसार, ये कार्रवाई हिज्बुल्लाह के हथियार भंडारण स्थलों को नष्ट करने और उसकी दोबारा सक्रिय होने की कोशिशों को रोकने के उद्देश्य से की गई। सेना ने दावा किया कि कुछ ठिकाने रिहायशी इलाकों के बीच स्थित थे और हिज्बुल्लाह नागरिक ढांचे का उपयोग अपनी गतिविधियों के लिए कर रहा था। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ने भी दोनों कस्बों में लक्षित इमारतों पर हमलों की पुष्टि की है। फिलहाल इन हमलों में हताहतों या नुकसान का विस्तृत ब्यौरा सामने नहीं आया है। क्षेत्र में पहले से जारी तनाव के बीच इन हमलों ने सीमा पार सुरक्षा हालात को और संवेदनशील बना दिया है। स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है और प्रभावित इलाकों में स्थिति का आकलन किया जा रहा है।