27 Jan 2026
संभल, 27 जनवरी (हि.स.)। जनपद संभल की चन्दौसी कोतवाली पुलिस ने फर्जी शादी के नाम पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो शादी का झांसा देकर परिवारों से लाखों रुपये और जेवरात ठगने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार यह गिरोह युवकों को शादी कराने का लालच देता था। शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन घर से सोना-चांदी, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी। कई परिवारों ने आरोप लगाया कि उनकी पूरी जमा पूंजी और गहने इस तरह लूट लिए गए। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के आभूषण और नकद रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को धोखे में रखते थे और शादी का नाटक कर ठगी को अंजाम देते थे।पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका था। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी जैसे मामलों में पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि जनपद संभल में 25 जनवरी के दिन चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के पतरौआ गांव में ग्रामीणों ने सूचना दी कि यहां पर एक महिला शादी करके आई थी जिसका नाम आयशा है । उसने अपना नाम पूजा बताकर शादी की थी और भागने की तैयारी कर रही थी। वह कुछ ज्वेलरी के साथ भागने की तैयारी कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई और उसे मिशन शक्ति केंद्र ले आई और उससे पूछताछ की। पुलिस ने इस संदर्भ में तीन आराेपिताें काे गिरफ्तार किया है।