12 Mar 2026
सागर, 12 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। टड़ा चौकी अंतर्गत ग्राम खमरिया में एक महिला ने कथित रूप से अपनी चार मासूम बेटियों को कुएं में धकेल दिया, जिसके बाद वह स्वयं घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इस घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय सविता लोधी ने अपनी चारों बेटियों को गांव के पास हरपाल घोसी के खेत में बने कुएं में फेंक दिया। पानी में डूबने से सभी बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सविता बाई (28) और बेटियों अंशिका (7), रक्षा (5) और दीक्षा (3) के रूप में हुई है। बेटियों के शव पास के कुएं में मिले। इसके बाद महिला ने भी एक पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की टीम केसली थाना और टड़ा चौकी से मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कुएं से चारों बच्चियों के शव बाहर निकाले। सभी शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति साफ हो सकेगी। ग्राम खमरिया में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।