12 Apr 2026
-देश के शहीद सैनिकों को समर्पित किया पदक
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। भारत के गौरव श्रीमंत झा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने ईदफ्योर्ड, नॉर्वे में आयोजित नॉर्वे पैरा आर्मरेसलिंग कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए PIUH -85 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।
दुनिया भर के शीर्ष पैरा आर्मरेसलरों के बीच मुकाबला करते हुए श्रीमंत झा ने अपनी असाधारण ताकत, तकनीक और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। श्रीमंत झा ने अपनी इस उपलब्धि को देश के वीर शहीदों को समर्पित किया। उन्होंने कहा, “मेरी हर जीत उन बहादुर सैनिकों के लिए है, जिन्होंने हमारे देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। यह स्वर्ण पदक सभी शहीदों को समर्पित है।”
नॉर्वे पैरा आर्मरेसलिंग कप 2026 का आयोजन 08 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक ईदफ्योर्ड, नॉर्वे में किया गया।
इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में श्रीमंत झा ने अपने अनुभव, शक्ति और उच्च स्तरीय खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। श्रीमंत झा वर्तमान में विश्व में तीसरे स्थान पर और एशिया के नंबर 1 पैरा आर्मरेसलर हैं। उन्होंने भारत के लिए कुल 64 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस सफलता ने उन्हें वैश्विक स्तर पर और अधिक पहचान दिलाई है।
श्रीमंत झा इस जीत पर कहा, "यह उपलब्धि मेरे लिए बहुत खास है। मैं हर मुकाबले में हमारे वीर सैनिकों से प्रेरणा लेकर उतरता हूं। मेरा अगला लक्ष्य आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में फिर से स्वर्ण पदक जीतना और भारत को और गौरवान्वित करना है।"