15 Feb 2026
गुवाहाटी, 15 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि गोगोई भारत की सुरक्षा व्यवस्था और रणनीतिक तैयारियों को समझने में असमर्थ हैं। मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बीती रात पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने मोरान में वायुसेना की तैयारियों को लेकर गोगोई की कथित टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिन लोगों का भारत और असम की सुरक्षा हितों से कोई सरोकार नहीं है, वे राष्ट्रीय सुरक्षा की गंभीरता को नहीं समझ सकते। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा तैयारियां राष्ट्रीय हित और पेशेवर आकलन के आधार पर तय होती हैं, न कि राजनीतिक बयानबाजी से। डॉ. सरमा ने यह भी कहा कि बिना समुचित जानकारी के भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता पर सवाल उठाना गैर-जिम्मेदाराना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर संयम बरतने की अपील की।