19 Feb 2026
चेन्नई, 19 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज/एजेंसी)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले डीएमडीके ने राज्य की सत्ताधारी डीएमके के साथ गठबंधन की घोषणा कर दी है। पार्टी की महासचिव प्रेमलता की तरफ से यह जानकारी दी गई है। पार्टी ने 2024 लोकसभा चुनाव में एआईडीएमके ने साथ चुनाव लड़ा था लेकिन इसबार गठबंधन को लेकर कई दौर की बातचीत विफल रहने के बाद डीएमडीके ने यह फैसला किया है। इसी सिलसिले में आज पार्टी की महासचिव प्रेमलता ने चेन्नई के अन्ना अरिवालयम में मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान डीएमडीके के कोषाध्यक्ष एल. के. सुदीश भी मौजूद थे। डीएमके की ओर से कनिमोझी और मंत्री के. एन. नेहरू सहित अन्य नेता उपस्थित थे। 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में डीएमडीके अकेले मैदान में उतरी थी लेकिन किसी सीट पर उसे कामयाबी नहींं मिली। साल 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने एआईएडीएमके के साथ गठबंधन किया था। हाल के दिनों में दोनों पार्टियों के बीच मतभेद तब उभरकर सामने आया जब एआईएडीएमके ने उसे राज्यसभा सीट नहीं दी। इससे प्रेमलता नाराज़ थीं। डीएमडीके को एआईएडीएमके–भाजपा गठबंधन में शामिल करने के लिए कई चरणों में बातचीत हुई। पहले एआईएडीएमके नेताओं ने वार्ता की लेकिन सहमति नहीं बनी। इसके बाद भाजपा नेताओं ने डीएमडीके के साथ बातचीत की, फिर भी कोई नतीजा नहीं निकला।