19 Feb 2026
जालोर, 19 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के दासपा गांव में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक पति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। तीनों के शव घर में चारपाई पर पड़े मिले, जबकि कमरे और आंगन में खून फैला हुआ था। आरोपित ने खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। थानाधिकारी राजेंद्र सिंह राजपुरोहित के अनुसार गुरुवार सुबह मंगलाराम (40) पुत्र पदमाराम पुरोहित ने फोन कर बताया कि किसी ने उसकी पत्नी और बच्चों की हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पत्नी दाड़मी देवी (39), बेटी नीकू (10) और बेटा हितेश (7) के शव चारपाई पर पड़े मिले। तीनों की गला रेतकर हत्या की गई थी। खून के छींटे दीवारों तक पहुंचे हुए थे। मौके पर मंगलाराम के हाथों पर खून के निशान मिले। संदेह होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और हत्या करना कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा। घटना की रात मंगलाराम का बेटा मुकेश (12) अपने दादा पदमाराम के साथ चाचा के घर सो रहा था, जो घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर है। वहीं बड़ा बेटा गोपाल (18) आंध्रप्रदेश में काम करता है। परिवार खेती-बाड़ी से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।