02 Feb 2026
जौनपुर, 02 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने खाेए या चोरी हुए 111 मोबाइल बरामद करने में सफलता हासिल की है। बाजार में इन माेबाइलाें की कीमत तकरीबन 18 लाख रुपये हैं। साेमवार काे पुलिस अधिकारियाें ने इन माेबाइलाें काे उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव (नोडल साइबर क्राइम) ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों के प्रार्थना पत्रों और सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर, साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने इन खाेए माेबाइल का पता लगाया। पुलिस ने 111 मोबाइल जाैनपुर के अलावा आजमगढ़, प्रयागराज, बहराइच, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से भी माेबाइल बरामद किए। वहीं इन मोबाइलों की बरामदगी यूपी तक सीमित नही थी, बल्कि दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी बरामद किए हैं। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर सभी धारक काफी संतुष्ट और प्रसन्न दिखे और पुलिस का आभार प्रकट किया है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने जनता को सलाह दी कि मोबाइल गायब होने की स्थिति में सबसे पहले थाना में गुमशुदगी दर्ज कराएं और उसके बाद सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।