11 Mar 2026
धारूहेड़ा 11 मार्च (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नगर पालिका धारूहेड़ा के आम चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची तैयार करने का शेड्यूल जारी किया है, जिसके तहत 27 मार्च तक मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुपालन में नगर पालिका धारूहेड़ा के आगामी आम चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने तथा दावे व आपत्तियों की सुनवाई के लिए रिवाइजिंग अथॉरिटी ने बुधवार को मतदाताओं की आपत्ति को सुना व उनका समाधान किया ताकि आम चुनाव की यह प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारू रूप से पूरी हो सके। हरियाणा नगर निगम चुनाव नियम 1994 धारा-3 4(I) के तहत वार्ड वाइज संशोधित प्राधिकारी व सहायक प्राधिकारी नियुक्त किए हैं। नगर पालिका धारूहेड़ा में वार्ड 1 से 9 के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी नितिश कुमार सिंगला व वार्ड 10 से 18 के लिए नायब तहसीलदार धारूहेड़ा अजय मलिक को संशोधित प्राधिकारी नियुक्त किया गया था।
नगर पालिका धारूहेड़ा के आगामी आम चुनाव के मद्देनजर वार्ड वाइज मतदाता सूची का ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है। 27 फरवरी तक ड्राफ्ट रोल तैयार करने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 28 फरवरी को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन व दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। संशोधित प्राधिकारी के पास दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 12 मार्च है उनका निपटारा किया जाएगा। जिला उपायुक्त के समक्ष अपील करने की आखिरी तारीख 16 मार्च है। इसके उपरांत 19 मार्च तक उपायुक्त द्वारा अपीलों का निपटारा किया जाएगा तथा 27 मार्च को अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया जाएगा। होशियार सिंह उर्फ बिट्टू पूर्व पार्षद ने जिला प्रशासन से मांग की थी इसी को लेकर बुधवार को नपा परिसर में टेंट लगा कर आपत्ति सुनी गई l उल्लेखनीय है कि जो वार्ड रिजर्व हो गए उन लोगों ने वोट इधर उधर वार्डो में बीएलओ से मिलकर करा दिया था, जिसको लेकर मतदाताओं में रोष है।