05 Mar 2026
काठमांडू, 05 मार्च (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नेपाल में गुरुवार को सम्पन्न हुए चुनावों में औसतन 60 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह जानकारी चुनाव आयोग ने दी है। चुनाव आयोग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार देशभर से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 60 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि यह प्रारंभिक आंकड़ा है। अंतिम आंकड़ा देर रात तक आने की उम्मीद है। मतदान समाप्त होने के बाद गुरुवार को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में देश के कार्यवाहक चुनाव आयुक्त रामप्रसाद भण्डारी ने यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा, “विशेष परिस्थितियों में घोषित इस चुनाव को निर्धारित तिथि पर उत्साहजनक तरीके से सम्पन्न कराना अपने आप में एक बड़ी चुनौती थी। देशभर से प्राप्त प्रारंभिक विवरण के अनुसार लगभग 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। हालांकि इसका विस्तृत विवरण अभी संकलन की प्रक्रिया में है।” आयोग के अनुसार गुरुवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान पूरे देश में शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। चुनाव के दौरान मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया।