12 Feb 2026
नई दिल्ली, 12 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने गुरुवार को कौशल विकास महोत्सव में 2400 से ज्यादा अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। केंद्रीय कौशल विकास मंत्रालय ने बताया कि यहां आयोजित कौशल महोत्सव में लगभग 4 हजार युवाओं ने साक्षात्कार दिया। इनमें से 2,400 से अधिक को नौकरी का ऑफर दिया गया। इस महोत्सव में वाहन उद्योग, परिवहन एवं आपूर्ति प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा, बैंकिंग सेवा, विनिर्माण उद्योग, खुदरा और सर्विस सेक्टर से जुड़ी 55 से ज्यादा कंपनियों ने हिस्सा लिया। जयंत चौधरी ने कहा कि मेरे पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह की जयंती पर यह आयोजन ग्रामीण भारत और युवाओं की ताकत को सम्मानित किया गया है। अमरोहा के युवाओं में अपार क्षमता है। ऐसे कार्यक्रम प्रतिभा और अवसर के बीच की दूरी को कम करते हैं। उन्होंने युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए कौशल तैयार करने जैसी पहलों से जुड़ने और इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर, विधायक महेंद्र सिंह खडगवंशी और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।