13 Feb 2026
बाराबंकी, 13 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले की सफदरगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को गिरफ्तार किया है। दो दिन पहले दर्ज एक मुकदमें के आधार पर यह गिरफ्तारी हुई हैं। क्षेत्राधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि सपा प्रवक्ता के खिलाफ दो दिन पहले सफदरगंज थाना में छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसी प्रकरण में आज यह गिरफ्तारी हुई है। दो दिनों से मनोज से कोई सम्पर्क न होने पर उनकी पत्नी ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस टीम उन्हें बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां उनका अनिवार्य मेडिकल परीक्षण कराया गया । इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच टीम उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हो गई। इस मामले में अभी तक सपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई हैं, लेकिन उनकी गिरफ्तारी के बाद पार्टी में चर्चा का विषय बना हुआ है।