01 Feb 2026
अजमेर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में शनिवार देर रात पुष्कर थाना क्षेत्र के कड़ेल चौराहे पर नेशनल हाईवे-89 (अजमेर–नागौर मार्ग) पर ट्रेलर और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में दोनों वाहन चालकों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धमाके के साथ दोनों वाहनों में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों में घिरे वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मार्बल स्लरी से भरा ट्रेलर पलट गया। ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह अलग होकर ट्रॉली की ओर जा गिरा, जबकि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुष्कर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से घंटों की मशक्कत के बाद दोनों जले हुए शव वाहनों से बाहर निकाले गए। थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया कि ट्रेलर नागौर से अजमेर की ओर आ रहा था, जबकि पिकअप अजमेर से नागौर की ओर जा रही थी। टक्कर के तुरंत बाद आग लग गई, जिससे दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुष्कर थाने के एएसआई छीतरमल वैष्णव ने बताया कि पिकअप चालक की पहचान जय सिंह (55) पुत्र नथु सिंह निवासी महपुर पंचायत समिति बांदीकुई के रूप में हुई है। वहीं ट्रेलर चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों शवों को पुष्कर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।