13 Feb 2026
नई दिल्ली, 13 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। निजी क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने के लिए एक लाख करोड़ रुपये के अनुसंधान, विकास और नवाचार(आरडीआई) मिशन के तहत बायोटेक्नोलॉजी इंडस्ट्री रिसर्च असिस्टेंस काउंसिल (बाइरैक) के माध्यम से 2,000 करोड़ रुपये के फंड की शुरुआत घोषणा की गई। यह फंड बायोटेक, एआई, और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में उच्च-जोखिम वाली परियोजनाओं को कम ब्याज पर दीर्घकालिक ऋण के रूप में वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। शुक्रवार को नेशनल मीडिया सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नीतिगत फैसले लेते हुए तेजी से कदम बढ़ाया है। डॉ. सिंह ने कहा कि जिस तरह सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) ने पहले भारत के औद्योगिक विकास को नई दिशा दी थी, उसी तरह अब बायोटेक्नोलॉजी अगली औद्योगिक क्रांति को आगे बढ़ाएगी। यह क्रांति बायोटेक नवाचार, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और नए दौर के उद्यमिता से संचालित होगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा पहल से भारत न केवल नए विचार पैदा करने में बल्कि उन्हें उद्योग में बदलने की क्षमता भी मजबूत कर रहा है। उभरते क्षेत्रों का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत स्पेस बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में प्रवेश कर चुका है और भविष्य में स्पेस मेडिसिन जैसे क्षेत्रों की तैयारी कर रहा है। देश में विकसित किट के माध्यम से अंतरिक्ष में पौधों और जीवन विज्ञान से जुड़े प्रयोग किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रयास भारत को वैश्विक स्तर पर वैज्ञानिक योगदान देने और अपनी वैज्ञानिक तथा भू-राजनीतिक स्थिति मजबूत करने में मदद करेंगे। बाइरैक के प्रबंध निदेशक डॉ. जितेन्द्र कुमार ने कहा कि यह फंड अगले पांच साल में 2,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा, जिस स्टार्ट अप में विस्तार की संभावना है। उन्होंने कहा कि बीते दशक में बाइरैक ने देशभर में 100 से अधिक बायो-इन्क्यूबेशन सेंटर, 10 लाख वर्ग फुट से अधिक इन्क्यूबेशन स्पेस, और 15 लाख से ज्यादा स्टार्टअप उद्यमियों को जोड़कर एक मजबूत नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है। डॉ. कुमार ने बताया कि भारत की बायोइकोनॉमी 2012 में 28 अरब डॉलर थी, जो 2024 में बढ़कर 165.7 अरब डॉलर हो गई है। लक्ष्य है कि यह 2030 तक 300 अरब डॉलर और 2047 तक 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि योग्य स्टार्टअप बाइरैक की वेबसाइट पर जाकर 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।