20 Feb 2026
नई दिल्ली, 20 फरवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर में एक महिला पत्रकार के साथ हुई बर्बरता की घटना पर स्वतः संज्ञान लिया। आयोग ने इस मामले में दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। आयोग ने शुक्रवार को बताया कि 14 फरवरी को प्रकाशित खबरों के अनुसार यह घटना गत 13 फरवरी की है, जब एक महिला पत्रकार दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में यूजीसी नियमों के खिलाफ हो रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन को कवर करने गई थी। पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि भीड़ ने उसकी जाति का पता चलने के बाद उसे विशेष रूप से निशाना बनाया। पेशेवर ड्यूटी के दौरान भीड़ ने पत्रकार के साथ शारीरिक मारपीट और यौन उत्पीड़न किया। प्रदर्शनकारियों ने पत्रकार को 'नग्न अवस्था में घुमाने' की धमकी दी, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। पीड़िता कुछ शिक्षकों और महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उस भयावह स्थिति से बच निकली।