13 Feb 2026
फिरोजाबाद, 13 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार को एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिर पड़ा। उसके नीचे मजदूर व मकान स्वामी एवं परिवार के लोग दब गए। हादसे में एक बच्ची की मौत हुई है जबकि 13 लोग घायल है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल के भर्ती कराया है। थाना उत्तर क्षेत्र के ककरऊ इलाके में अशोक कुमार के निर्माणाधीन मकान में पहली मंजिल पर लिंटर ढल रहा था। शुक्रवार को अचानक लिंटर भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मौके पर काम कर रहे मजदूर व परिवार के लोग के दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, दमकल विभाग और राहत बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं हैं। राहत टीम ने मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी भिजवाया। जहां सभी घायलों को उपचार दिया गया। घायलों में सात मजदूर जबकि पांच घर के लोग हैं। इनमें एक बच्ची सृष्टि (04) को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया है। बाकी घायलों का उपचार हो रहा है। एसएसपी सौरभ दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक शहर रविशंकर प्रसाद, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, एसडीएम सदर सत्येंद्र सिंह, महापौर कामिनी राठौर भी मौके पर पहुंचीं और घटना के कारणों के बारे में जानकारी ली। घायलों में गौरव (26) पुत्र राजवीर सिंह निवासी दलेलपुर, थाना एका, प्रवीण (40) पुत्र रामजी लाल निवासी नगला रामकुंवर, थाना नारखी, श्याम सुंदर (39) पुत्र रमेश निवासी चनौरा, थाना रामगढ़, राजवीर (40) पुत्र पूरन सिंह निवासी चनौरा, थाना रामगढ़, चमन प्रकाश (40 वर्ष) पुत्र रमेश चन्द्र निवासी रैपुरा, थाना रामगढ़, महेन्द सिंह (45) पुत्र लटूरी सिंह निवासी न्यू रामगढ़ जलेसर रोड, थाना उत्तर, शीलू यादव (28) पुत्री अशोक यादव निवासी भिवाड़ी (हरियाणा), शीलेन्द्र यादव (26) पुत्र अशोक यादव निवासी ककरऊ, थानाक्षेत्र उत्तर, मुन्नी (50) पत्नी अशोक यादव निवासी ककरऊ, थाना क्षेत्र उत्तर, किशन मोहन कुशवाह (36) पुत्र अमर सिंह निवासी चनौरा, थाना क्षेत्र रामगढ़, अनीकेत (05) पुत्र विजय यादव निवासी ककरऊ, थाना क्षेत्र उत्तर एवं मकान मालिक अशोक यादव (56), मोनू यादव पुत्र अशोक यादव है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद का कहना है कि एक निर्माणाधीन मकान का लेटर गिरा है। इसमें परिवार के लोग व काम कर रहे मजदूर दबे है। इन्हें तत्काल राहत बचाव कार्य करते हुए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे में एक बच्ची की मौत हुई है। बाकी घायलों की हालत सही है।